1400 करोड़ के घोटाले को छुपाने के लिए भरत तिवारी की हुई हत्या, मां का दावा - rashtrmat.com

1400 करोड़ के घोटाले को छुपाने के लिए भरत तिवारी की हुई हत्या, मां का दावा

राष्ट्रमत न्यूज,पटना(ब्यूरो)। बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर केस पर भरत का परिवार,समर्थक और विपक्षी नेता इसे मर्डर बता रहे हैं। वहीं पुलिस की अपनी थ्योरी है। इस बीच भरत तिवारी की मां आशा तिवारी ने दावा किया है कि यह कोई एनकाउंटर नहीं,बल्कि प्रशासन द्वारा की गई हत्या थी। क्योंकि वह समाज सेवा में लगा हुआ था। उन्हेंSDM के 1400 करोड़ रुपये के घोटाले के बारे में पता था और इसीलिए उनकी हत्या कर दी गई।आज भरत तिवारी की तेरहवीं है।

ठहरने की भी पूरी व्यवस्था

बिहार के भोजपुर में 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेरहवीं है। करीब 25 हजार लोगों के लिए खाने का इंतजाम है। जबकि 15 हजार और लोगों के लिए राशन स्टॉक रखा गया है। श्राद्ध का भोज शुरू हो चुका है।भरत के पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी ने बताया कि दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के ठहरने और आराम की भी पूरी व्यवस्था की गई है।

एनकाउंटर वाली जगह पर लोगों ने भरत के समर्थन में नारेबाजी की।

पैसे का घोटाला किया गया

उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय के लिए अदालत पर भरोसा है। आशा तिवारी ने आरोपी और भरत तिवारी की हत्या में शामिल सभी आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की।आशा तिवारी ने दावा किया कि ये पैसा जवनिया गांव के विकास के लिए आया था। इससे गरीबों का घर बनना था और मिट्टी भराई होनी थी। इसी पैसे का घोटाला किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रशासन पर भरोसा नहीं है, क्योंकि उन्होंने उनके बेटे को मारा है।

सम्राट और उनकी पुलिस पर भरोसा नहीं

भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि आज बेटे का श्राद्धकर्म है, लेकिन मेरे बेटे की हत्या के आरोपियों की आज तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। आम आदमी कोई गलती करता है, तो पुलिस तत्काल उसे पकड़ लेती है। लेकिन मेरे बेटे के केस में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। गांव में भरत का स्मारक बनना चाहिए, लेकिन मुझे बिहार सरकार से उम्मीद नहीं है कि वो ऐसा करेगी।भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने कहा कि प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। इस मामले में कोई ठीक से जांच नहीं हो रही है। समझ नहीं आता कि कानून क्या है, FIR तो दर्ज हो गई है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।

भरत तिवारी के घर के बाहर लगा पोस्टर।

अब तक क्या हुआ

  • सुप्रीम कोर्ट ने भरत तिवारी केस की सुनवाई से इनकार किया। हाईकोर्ट जाने को कहा।
  • भरत के घर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। SC के वकील ने कहा, 17 जुलाई को जंतर-मंतर पर आंदोलन होगा।
  • भरत तिवारी एनकाउंटर की जांच की मांग के लिए अलग-अलग 11 कमिटी बनाई गई है।
  • श्रीराम सेना के अध्यक्ष ने कहा, भरत को न्याय नहीं मिला तो बिहार बंद करेंगे।
  • सुप्रीम कोर्ट के वकील अनिल मिश्रा ने भोजपुर के वकीलों से नामजद पुलिसकर्मियों का केस नहीं लड़ने की अपील की।
  • उत्तर प्रदेश के बांदा में अखिल भारतीय हिंदू फाउंडेशन ने CBI जांच की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *