आकाशीय बिजली गिरने से चार भैंस और एक बुजुर्ग महिला की मौत - rashtrmat.com

आकाशीय बिजली गिरने से चार भैंस और एक बुजुर्ग महिला की मौत

राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। जिले की कटंगी तहसील अंतर्गत ग्राम जराहमोहगांव में सोमवार को तेज आंधी.तूफान के दौरान आकाशीय बिजली गिरने चार भैस की मौत हो गयी। वहीं रामपायली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम येरवाघाट में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 60 वर्षीय फूलन बाई पति श्रावण केरेकार की मौत हो गई।


किसान को भारी क्षति
किसान ओमेन्द्र पटले ने अपनी भैंसों को घर के सामने पेड़ के नीचे बांध रखा था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे पेड़ पर गिरी। जिसकी चपेट में आकर चारों भैंसों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृत भैंसों की कीमत लाखों रुपये थी। पशुधन की इस बड़ी क्षति से किसान ओमेन्द्र पटले को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।


बबूल के पेड़ के नीचे पानी पी रही थी
रामपायली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम येरवाघाट की फूलन बाई अपने दोनों बेटों के साथ येरवाघाट और येरवाटोला के बीच स्थित खेत में बन रहे मकान के निर्माण कार्य की देखरेख कर रही थीं। उनके साथ मजदूर भी काम पर लगे हुए थे।शाम करीब 4 बजे के बाद मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी.तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान लगभग 4.30 बजे फूलन बाई मकान से कुछ दूरी पर स्थित एक बबूल के पेड़ के नीचे पानी पीने के लिए गईं। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।