राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। जिले की लाँजी तहसील मुख्यालय में हथियारबंद बदमाशों ने सराफा व्यापारी की कनपटी पर बंदूक सटाकर 9 लाख की डकैती की। विरोध करने पर फायरिंग भी की। सिर पर लाठियों से 7-8 बार वार किए। वहीं हमले के बाद व्यापारी के जमीन पर गिरते ही बदमाश सोने.चांदी के जेवरों से भरे बैग लेकर फरार हो गए। जब यह वरदात हुई सभी जगह की लाइट गोल थी।

दुकान से लौटते वक्त वारदात हुई
लांजी पुलिस के मुताबिक वारदात लांजी.आमगांव मार्ग की है। घायल व्यापारी कामना ज्वेलर्स के संचालक कपिल आसटकर के रूप में हुई है। वारदात रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उस समय हुई जब वह रोजाना की तरह अपनी सराफा दुकान बंद करने के बाद सोने.चांदी के कीमती जेवर दो थैलों में रखकर बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी दुकान पुराने पंचायत दफ्तर के पास स्थित एक काम्प्लेक्स में है। जबकि घर वहां से करीब 700 मीटर दूर कलार समाज के मंगल भवन के पास है।
जेवर के दो थैले लेकर फरार
जैसे ही वह घर के पास एक मोड़ से गली की ओर मुड़े तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 8 बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने कपिल आसटकर से जेवरों से भरे दोनों थैले छीनने की कोशिश की। थैले देने से इनकार करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद एक बदमाश ने कारोबारी के सिर पर लाठी से लगातार 7 से 8 वार किए। हमले की वजह से कपिल आसटकर अपनी बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। उनके गिरते ही बदमाशों ने सोने.चांदी के जेवरों से भरे दोनों थैले छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश 2 बाइक से आमगांव रोड की ओर फरार हो गए।
वारदात के समय लाइट गोल थी
छीने गए दोनों थैलों में सोने और चांदी के जेवर रखे थे। जिनकी कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कपिल आसटकर को तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोंदिया रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय पूरे इलाके की बिजली गुल थी। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और आसानी से मौके से फरार हो गए। तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में उनके आने.जाने के रास्तों की भी पड़ताल कर रही है। लांजी इलाके में पहली बार हुई इस बड़ी डकैती ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है।