इंदौर में 10 कोचिंग सेंटर सील,खतरे में छात्रों की जान, कई संचालकों को नोटिस - rashtrmat.com

इंदौर में 10 कोचिंग सेंटर सील,खतरे में छात्रों की जान, कई संचालकों को नोटिस

राष्ट्रमत न्यूज,इंदौर(ब्यूरो)। लखनऊ कांड की पुनरावृति इंदौर में न हो इसके लिए प्रशासन ने कई कोचिंग सेंटर की जांच की और खामियां पाए जाने पर दस कोचिंग सेंटर को सील कर दिया है।   मंगलवार को करीब 10 कोचिंग सेंटर और भवन सील किए गए। लखनऊ हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी। इनमें मध्य प्रदेश के अनूपपुर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर जयनील चक्रवर्ती (26) भी शामिल थे।निरीक्षण के दौरान कई बहुमंजिला इमारतों में इमरजेंसी एग्जिट बंद पाए गए। आग या अन्य आपदा की स्थिति में ऐसे रास्तों का खुला और सुरक्षित होना अनिवार्य है।

गंभीर सुरक्षा खामियां मिलीं

इंदौर प्रशासन, नगर निगम और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने कई कोचिंग संस्थानों का पर छापेमारी की। जांच में गीता भवन स्थित कैटालाइजर कोचिंग सेंटर में गंभीर सुरक्षा खामियां मिलीं। बिल्डिंग का इमरजेंसी एग्जिट बंद था।इसके साथ ही केटेलाइजर कोचिंग संस्थान, नुकलियम कोचिंगसंस्थान, रामानुजन कोचिंग संस्थान, आयाम कोचिंग संस्थान, मक्खन वाला होटल और इकरथ कोचिंग संस्थान को सील कर दिया गया है। इमरजेंसी एग्जिट बंद होने से बड़ी संख्या में छात्रों के फंसने की आशंका थी।

 भवन संचालकों को नोटिस जारी  

संयुक्त टीम ने कोचिंग सेंटर्स के साथ शहर के प्रमुख व्यावसायिक परिसरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वेदा बिजनेस पार्क, अपोलो एवेन्यू, अपोलो आर्केड और भंवरकुआं क्षेत्र के कई व्यावसायिक भवनों की फायर सेफ्टी व्यवस्था जांची गई।जांच में पाया गया कि कई भवनों में फायर सिस्टम खराब थे। रूल्स मुताबिक उपलब्ध नहीं थे। कुछ जगहों पर फायर सेफ्टी सिस्टम का नियमित रखरखाव भी नहीं किया जा रहा था। प्रशासन ने भवन संचालकों को नोटिस जारी किए हैं।  इमरजेंसी गेट बंद होने से लोगों की सुरक्षित निकासी प्रभावित हो सकती है, जिससे बड़ा खतरा है।

 10 भवन अस्थायी रूप से सील

एसडीएम घनश्याम धनगर के नेतृत्व में भंवरकुआं और गीता भवन क्षेत्र में ऑपरेशन कोचिंग सेंटर चलाया गया। धनगर के अनुसार, अब तक 10 भवन अस्थायी रूप से सील किए जा चुके हैं। जांच जारी रहेगी।एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि जिन भवनों में कोचिंग संस्थानों के साथ अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं और वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, उन पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुछ रेस्टोरेंट, म्यूजियम और अन्य कार्यालय भी सील किए गए हैं।