एथेनॉल प्लांट चावल घोटाला;मिल संचालक,प्लांट प्रतिनिधि फरार,10 ट्रक जब्त - rashtrmat.com

एथेनॉल प्लांट चावल घोटाला;मिल संचालक,प्लांट प्रतिनिधि फरार,10 ट्रक जब्त

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट में एथेनॉल प्लांट के नाम पर कस्टम मिलिंग राइस (CMR) का एक बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 10 ट्रकों को जब्त किया है।बालाघाट पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि एफसीआई (FCI) गोदाम से छिंदवाड़ा के एथेनॉल प्लांट के लिए भेजा गया चावल कभी वहां पहुंचा ही नहीं, बल्कि उसे रास्ते में ही ठिकाने लगा दिया गया।इस मामले में ट्रक ड्राइवर दुर्गेश शेन्द्रे को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मिल संचालक सौरभ संचेती और प्लांट प्रतिनिधि राहुल प्रताप अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।

242 क्विंटल सीएमआर चावल लोड था

यह पूरा मामला 3 जून की रात का है। छिंदवाड़ा के बोरगांव में स्थित एथेनॉल प्लांट के लिए एफसीआई गोदाम से तीन ट्रक सीएमआर चावल लेकर रवाना हुए थे। कलेक्टर के निर्देश पर मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने वारासिवनी स्थित ‘संचेती राइस मिल’ पर छापेमारी की। वहां से टीम ने एक ट्रक को रंगे हाथों जब्त किया, जिसमें 242 क्विंटल सीएमआर चावल लोड था।

चावल एथेनॉल प्लांट तक नहीं पहुंचा 

जब जांच को आगे बढ़ाया गया, तो पता चला कि इसके साथ निकले बाकी के दो ट्रक भी एथेनॉल प्लांट नहीं पहुंचे थे। वारासिवनी पुलिस ने जब इन ट्रकों को ट्रेस किया, तो ये सिवनी के भोरकल खापा स्थित एक इंडस्ट्रीज में खड़े मिले।हैरानी की बात यह थी कि इन दोनों ट्रकों में वह सरकारी चावल गायब था, जो प्लांट के लिए भेजा गया था। पुलिस ने इन दोनों ट्रकों को भी तुरंत जब्त कर लिया। इसके बाद कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने 7 और ऐसे ट्रकों की पहचान की, जिनसे भेजा गया चावल एथेनॉल प्लांट तक नहीं पहुंचा।

ड्राइवरों से कड़ाई से पूछताछ

पुलिस को अंदेशा है कि एफसीआई गोदाम से एथेनॉल बनाने के लिए निकले इस सरकारी चावल को रास्ते में ही निजी राइस मिलों में उतार दिया गया और उसे मिलिंग के नाम पर दोबारा ‘रीसाइकिल’ (फेरबदल) कर सरकारी कोटे में खपाने की तैयारी थी। इस रैकेट का पता लगाने के लिए पुलिस सभी संबंधित वाहन मालिकों और ड्राइवरों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

जमानत याचिका खारिज

इस 242 क्विंटल सीएमआर चावल की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में वारासिवनी पुलिस ने तीन मुख्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने संचेती राइस मिल के मालिक सौरभ संचेती, एव्हीजे एग्रीको प्राइवेट लिमिटेड (एथेनॉल प्लांट, बोरगांव) के अधिकृत प्रतिनिधि राहुल प्रताप और ट्रक ड्राइवर दुर्गेश शेन्द्रे के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 316(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।