राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के वारासिवनी थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान 13 वर्षीय हिमांशु भूरे की दर्दनाक मौत हो गई। टोंडिया नाला से रेत परिवहन करते समय गायत्री मंदिर के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आने से किशोर हिमांशु भुरे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। यह हादसा देर रात करीब ढाई बजे हुआ।

आगे की कार्रवाई की जाएगी
बताया जा रहा है कि गायत्री मंदिर के पास एक कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर लाई जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मृतक हिमांशु, जो उपजेल रोड के पास रहता था, इस अवैध रेत परिवहन में शामिल था। जानकारी के अनुसार, जिस कॉलोनी में रेत लाई जा रही थी, वह भी अवैध बताई जा रही है।मृतक हिमांशु पिता राजेंद्र भुरे का शव आज शनिवार को सिविल अस्पताल वारासिवनी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वारासिवनी पुलिस ने मामले में प्रथमदृष्टया मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक रात के लिए 300 रुपये मिलते थे
हिमांशु के पिता राजेश भुरे ने बताया कि रात करीब ढाई बजे उसके साथ गए बच्चे घर आए और दरवाजा पीटने लगे। जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने अपने बेटे को मृत पाया। पिता ने बताया कि शशांक बेटे को बुलाने आया था, और हिमांशु उसी के ट्रैक्टर पर काम करने गया था। किशोर गणेश कुंभरे ने बताया कि रात के समय टोंडिया नाला में दो ट्रैक्टर रेत लाने गए थे। घटना के समय वह नाले में रेत खोद रहा था। उन्हें एक रात के लिए 300 रुपये मिलते थे।
हिंमाशु मजदूरी करने गया था
शुक्रवार-शनिवार की देर रात लालबर्रा रोड स्थित गायत्री मंदिर के पास रेत के अवैध परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय हिमांशु भूरे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक कक्षा 9वीं का छात्र था, जो पारिवारिक गरीबी के कारण कभी-कभी ट्रैक्टरों में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर शशांक दुबे नामक व्यक्ति का है, जिसमें नाबालिग बच्चों को देर रात टोंडिया नाले से रेत भरने के लिए ले जाया गया था। हिंमाशु घटना की रात मजदूरी करने गया था।
रात के अंधेरे में रेत चोरी
मृतक हिमांशु नौवीं कक्षा का छात्र था। जिस ट्रैक्टर से यह घटना हुई, उसे चालक करण कुमारे चला रहा था, जो मृतक के घर के पास ही रहता है। रात के अंधेरे में रेत चोरी के इस काम में हिमांशु के अलावा मोहल्ले के अन्य लड़के अंशु भुरे, राजवीर कुमारे, गौरव परते और विजय मुले भी शामिल थे।