पानी चोरी करते सात टुल्लू पंप जब्त,CMO बोले- कार्रवाई जारी रहेगी - rashtrmat.com

पानी चोरी करते सात टुल्लू पंप जब्त,CMO बोले- कार्रवाई जारी रहेगी

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।भीषण गर्मी के बीच शहर में बढ़ते जल संकट को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन अब अवैध रूप से पानी खींचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। नगर के कई वार्डों में पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोग घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए पाइप लाइन में मोटर और टिल्लू पंप लगाकर अधिक पानी खींच रहे हैं, जिससे आसपास के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।वार्ड क्रमांक 33 सहित अन्य वार्डों से कुल 7 पानी की मोटरें जब्त की गईं।

पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं

सीएम हेल्पलाइन में लगातार मिल रही शिकायतों और जानकारी के बाद, नगर पालिका सीएमओ सूर्यप्रकाश उइके के निर्देश पर जलप्रदाय विभाग ने जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नगर पालिका उपाध्यक्ष योगेश बिसेन के वार्ड क्रमांक 33 सहित अन्य वार्डों से कुल 7 पानी की मोटरें जब्त की गईं।ये मोटरें नल कनेक्शनों में लगाकर भवन मालिक अधिक पानी खींच रहे थे, जिससे आगे के घरों में पानी की आपूर्ति कम हो रही थी। बालाघाट में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिसके चलते नगर के लगभग सभी वार्डों में पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो पा रही है।

मोटर न लगाने की हिदायत

गुरुवार को नगर पालिका कर्मचारियों ने छापामार कार्रवाई कर नल का पानी खींच रही इन मोटरों को जब्त किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उइके ने बताया कि नगर में रोजाना मुनादी कराकर टिल्लू पंप से पानी न खींचने की जानकारी दी जा रही है। कार्रवाई से पहले भी कई बार मुनादी कराई गई थी और नल कनेक्शन में मोटर न लगाने की हिदायतें दी गई थीं।

कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

उन्होंने आगे बताया कि इसके बावजूद लोग नल कनेक्शन में मोटर लगाकर अतिरिक्त पानी खींच रहे हैं। गुरुवार को जलप्रदाय विभाग ने अलग-अलग वार्डों से 7 मोटर पंप जब्त किए और संबंधितों के खिलाफ पंचनामा बनवाया है, जिन पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।