राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के ग्राम प्रतापपुर निवासी सुरेन्द्र पिता अम्मूलाल मड़ावी 45 वर्षीय की हत्या कर लाश को तालाब में फेंक दिया गया था। लामता पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश खून की एक बूंद के आधार पर किया।

धारदार हथियार से हत्या
सुरेंद्र मड़ावी के घर से लापता होने की रिपोर्ट थाना लामता में 20 मई को दर्ज कराई गई थी। उसी शाम ग्राम परतापुर स्थित तालाब में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से हमला कर हत्या किया गया था।
खून की बूंद ने खोले राज
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर कोई सुराग नहीं मिला। जिससे संदेह हुआ कि हत्या कहीं और कर शव तालाब में फेंका गया है। लगातार 24 घंटे तक डाग स्क्वाड और एफएसएल टीम के साथ सर्चिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान शव मिलने के स्थान से लगभग 500 मीटर दूर खेतों की ओर खून की एक बूंद दिखाई दी। पुलिस ने उसे महत्वपूर्ण सुराग मानकर जांच आगे बढ़ाई।
डाग स्क्वाड ने रक्त के निशानों को ट्रैक करते हुए पुलिस को आरोपी सोनू मड़ावी के घर के पीछे खेत की मेढ़ तक पहुंचाया। जहां भारी मात्रा में खून मिला। वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सोनू मड़ावी से पूछताछ की। जिसने अपने साथी मिथुन सैयाम के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकारा।
महिला से सबंध था
पूछताछ से पता चला कि मृतक सुरेंद्र मड़ावी के गांव की एक महिला से संबंध थे। महिला का पुत्र सोनू मड़ावी इस बात से नाराज रहता था।कई बार समझाने के बावजूद मृतक का घर आना-जाना बंद नहीं हुआ। इसी रंजिश के चलते सोनू ने अपने साथी मिथुन सैयाम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

कुल्हाड़ी से की हत्या
पुलिस के मुताबिक 19.20 मई की रात दोनों आरोपी खेत की मेढ़ पर घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही सुरेंद्र वहां पहुंचा, दोनों ने कुल्हाड़ियों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को घसीटकर तालाब में फेंक दिया गया ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या जैसा लगे। आरोपियों ने रास्ते में पड़े खून के निशानों पर मिट्टी डालकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की। जहां आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां, खून लगे कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जब्त किए हैं। तालाब में फेंकी गई एक कुल्हाड़ी को मेटल डिटेक्टर की मदद से बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू मड़ावी19 और मिथुन सैयाम 23वर्ष दोनों निवासी ग्राम परतापुर थाना लामता के हैं।