चूहे मारने की दवा लगाकर बेचे जा रहे थे फल - rashtrmat.com

चूहे मारने की दवा लगाकर बेचे जा रहे थे फल

राष्ट्रमत न्यूज,मुंबई(ब्यूरो)। मुंबई के मालाड पश्चिम इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां फल विक्रेता, फलों को सुरक्षित रखने के अजीबोगरीब और खतरनाक तरीके अपना रहे हैं। ये विक्रेता फलों पर रैटोल (Ratol) नाम के चूहे मारने की जहरीली दवा लगाकर उन्हें बेचते हुए पकड़े गए।  वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। कुणाल सालुंके नाम के एक व्यक्ति ने मालाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने शिकायत की थी कि फल विक्रेता चूहे मारने की दवा के साथ फल बेच रहे थे, जो लोगों के जीवन के लिए खतरा है।

मामले में पुलिस ने दो फल विक्रेताओं को किया गिरफ्तार- India TV Hindi

आरोपियों का हैरान करने वाला तर्क

शिकायत मिलने के बाद मालाड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार केसरवानी और बिपिन केसरवानी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए एक हैरान कर देने वाला तर्क दिया। उन्होंने कहा कि चूहे फलों को खा जाते हैं। उनसे बचाव के लिए उन्होंने फलों पर चूहे मारने वाली दवा लगाई।

पुलिस ने दुकान को किया सील 

दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 125, 274, 275 और 286 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनकी दुकान को सील कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों के साथ इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जांच में और तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित विभागों को भी कार्रवाई के लिए सूचित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *