डिप्टी CM के जिले में भ्रष्टाचार चरम पर,रिश्वत लेते RI गिरफ्तार - rashtrmat.com

डिप्टी CM के जिले में भ्रष्टाचार चरम पर,रिश्वत लेते RI गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। इससे इंकार नहीं है कि डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के गृह जिला रीवा में बगैर रिश्वत के कोई भी काम नहीं करता। यह अलग बात है कि डिप्टी सीएम हर बार यही कहते हैं कि प्रदेश में रीवा केा पहले नम्बर का जिला बनाना है। रीवा जिले के सेमरिया तहसील के शाहपुर सर्किल में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) रामकृपाल रावत को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ लोकायुक्त ने गिरफ्तार किया। फरियादी इन्द्रमणि शुक्ला से पांच हजार रुपए मांगे थे सीमांकन के लिए। दो हजार पहले ही ले चुके थे। तीन हजार लेते पकड़ें गए।


बार बार शेष राशि मांग रहे थे
आरोपी राजस्व निरीक्षक ने फरियादी से भूमि सीमांकन कराने के एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सौदे के तहत आरआई पहले ही फरियादी से 2 हजार रुपये एडवांस के तौर पर ले चुका था। जबकि शेष 3 हजार रुपये की मांग वह लगातार कर रहा था। रिश्वत से परेशान फरियादी इन्द्रमणि शुक्ला ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
रंगे हाथ पकड़े गए
शिकायत की प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जैसे ही राजस्व निरीक्षक ने फरियादी से शेष 3 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिएए लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी के हाथों पर केमिकल परीक्षण में रिश्वत लेने की पुष्टि भी हुई।


भ्रष्टाचारियों को कड़ा संदेश
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में अफरा.तफरी का माहौल है।इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आम जनता से जुड़े कार्यों जैसे भूमि सीमांकन नामांतरण और खसरा सुधार जैसे मामलों में रिश्वतखोरी किस हद तक व्याप्त है। लोकायुक्त की इस सख्त कार्रवाई से ईमानदार अधिकारियों को बल मिला है। वहीं भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के लिए यह कड़ा संदेश माना जा रहा है।