*आईटी पार्क को विंध्य क्षेत्र के हब के रूप में मिलेगी पहचान
*बाधा उत्पन्न कर रहे अतिक्रमण भी हटाये जाएंगे
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार रविवार को रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह एवं कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कॉलेज चौराहा स्थित निर्माणाधीन आईटी पार्क का निरीक्षण किया।आईटी पार्क का निर्माण मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम एमपीआईडीसी द्वारा किया जा रहा है।

बी ब्लॉक का काम अभी शुरू नहीं
आईटी पार्क में एऔर बी दो ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। ए ब्लॉक में ग्राउंड एवं बेसमेंट तथा 10 फ्लोर रहेंगे और बी ब्लॉक में 4 फ्लोर जीफोर के रहेंगे। ए ब्लॉक में 8 फ्लोर का निर्माण कार्य किया जा चुका है। शेष 2 फ्लोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। बी ब्लॉक का काम अभी शुरू नहीं हुआ है। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि अतिरिक्त संसाधन लगाकर ए ब्लॉक के साथ-साथ ही बी ब्लॉक का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाए।

अतिक्रमण को डिस्मेंटल किया जाएगा
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन ए ब्लॉक का निर्माण कार्य मार्च तक एवं बी ब्लॉक का निर्माण कार्य सितंबर 2027 तक पूर्ण कर लिया जाए। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा या रुकावट नहीं आने दी जाएगी। यदि निर्माण कार्य में कोई रूकावट या अतिक्रमण है तो उसे प्राथमिकता से हटाया जाएगा। अतिक्रमण को डिस्मेंटल किया जाएगा। बताया गया कि अभी ए ब्लॉक में कांच, फ्रेमवर्क, नेट दरवाजे लगने और बिजली का काम होना शेष है।
पार्किंग दो स्टेप पर रहेगी
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि स्लैब डालने का काम भी जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके लिए अतिरिक्त रूप से चार टीमें लगाकर स्लैब डाली जाए। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि इस हफ्ते प्लानिंग करके बी ब्लॉक का काम भी शुरू किया जाए। कमिश्नर और कलेक्टर ने पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। बताया गया कि पार्किंग दो स्टेप पर रहेगी। पहले स्टेप पर 100 फोर व्हीलर एवं दूसरे स्टेप पर 100 टू व्हीलर की पार्किंग रहेगी। कमिश्नर ने कहा कि पार्किंग स्थल बनाने का कार्य भी तेज गति से पूरा किया जाए। बताया गया कि समीप ही लैब है जहां पर मटेरियल की टेस्टिंग की जाती है।

आईटी पार्क की निर्माण लागत 49 करोड़
उल्लेखनीय है कि आई टी पार्क रीवा का कार्य आदेश 4 फरवरी 2025 को जारी किया गया था। आईटी पार्क रीवा का कुल क्षेत्रफल 0.509 हेक्टेयर है और इसकी निर्माण लागत 48 करोड़ 88 लाख रुपए है। टीएनसीपी से अनुमति प्राप्त है। आईटी पार्क रीवा का लगभग 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। बेसमेंट सहित सात तलों का स्ट्रेक्चर का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष 40 प्रतिशत कार्य प्रगति पर है। बी ब्लॉक का निर्माण कार्य शुरू होना शेष है। कमिश्नर ने ए ब्लॉक के साथ-साथ ही बी ब्लॉक का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
आई टी कंपनियों को सेल की जाएगी
एमपी आईडीसी के कार्यकारी निदेशक श्री तिवारी ने बताया कि आईटी पार्क में 400, 500, 1000 एवं 2000 एवं उससे अधिक स्केयर फीट तक की जगह आई टी कंपनियों को सेल की जाएगी। आईटी पार्क में बाबा रामदेव ने भी रुचि दिखाई है और आईटी पार्क में पतंजलि के लिए स्पेस मांगा है। आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर कंपनियां, कॉल सेंटर, एआई ट्रेनिंग सेंटर,कंप्यूटर कॉलेज वाले अपना ऑफिस बना सकेंगे। वर्तमान में स्थानीय आईटी पेशेवरों ने भी आईटी पार्क रीवा में अपनी रुचि दिखाई है। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि एमपीआईडीसी और बेहतर तरीके से मार्केटिंग का प्लान बनाएं ।