राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में मध्य प्रदेश कोविड-19 आयुष चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ संघ ने कोरोना योद्धाओं की बहाली की मांग की है। संघ ने सरकार को 7 दिसंबर तक का समय दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर 8 दिसंबर को परिवार के साथ विधानसभा घेरने की चेतावनी दी है।

बहाली के लिए आंदोलन
संघ के प्रदेश संयोजक डॉ. अंकित असाटी ने रविवार को प्रेस से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने बताया कि संघ लंबे समय से कोरोना योद्धाओं की बहाली के लिए आंदोलन कर रहा है।डॉ. असाटी के मुताबिक, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर बहाली की मांग की गई है। प्रदेश के ज्यादातर विधायकों, सांसदों और मंत्रियों ने भी इस मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है।

दो साल की सेवा के बाद हटाया
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश के हजारों आयुष चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने काम किया था। करीब दो साल की सेवा के बाद उन्हें काम से हटा दिया गया।संघ की मांग है कि महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले सभी कोरोना योद्धाओं को बहाल किया जाए और स्वास्थ्य विभाग के खाली पदों पर प्राथमिकता से नियुक्ति दी जाए।डॉ. असाटी ने कहा कि मांग पर विचार नहीं हुआ तो कोरोना योद्धा 6 और 7 दिसंबर को भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 8 दिसंबर को परिवार के साथ विधानसभा का घेराव किया जाएगा।