राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट कोतवाली थाना क्षेत्र के दीनदयाल पुरम कॉलोनी में 29 नवंबर की सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान राजेंद्र बानसोड़ के रूप में हुई है।
शॉल का फंदा बनाकर फांसी पर लटका मिला
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र बानसोड़ अपनी बहन और माता-पिता के साथ दीनदयाल पुरम कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। वह भोपाल में पढ़ाई करने के बाद घर लौट आया था और यहीं रहकर आगे की पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि 28 नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। अगले दिन सुबह जब राजेंद्र अपने कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने जाकर देखा। इस दौरान वह कमरे में पंखे से शॉल का फंदा बनाकर फांसी पर लटका मिला। उसने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।