चांगोटोला और सिर्रा में छापेमारी, 824 क्विंटल अवैध धान बरामद - rashtrmat.com

चांगोटोला और सिर्रा में छापेमारी, 824 क्विंटल अवैध धान बरामद

चौधरी ट्रेडर्स के गोदाम से 474 क्विंटल और

सिर्रा में व्यापारी के घर से 350 क्विंटल धान मिला
 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा अवैध रूप से धान का भंडारण और व्यापार करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन  एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने चांगोटोला और वारासिवनी तहसील के ग्राम सिर्रा में कार्रवाई कर कुल 824 क्विंटल धान बरामद किया है। दोनों स्थानों पर बरामद धान के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। प्रशासन ने इस धान के स्टॉक को उपार्जन अवधि तक जब्त रखने की कार्रवाई की है।

दस्तावेजों की जांच की गई
जांच के दौरान चांगोटोला स्थित चौधरी ट्रेडर्स के गोदाम में 474 क्विंटल धान का भंडारण पाया गया। टीम द्वारा धान के भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें मंडी शुल्क की रसीद अथवा कृषक पंजीयन संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके चलते गोदाम में रखे 474 क्विंटल धान को अवैध भंडारण मानते हुए कार्रवाई की गई। इसी प्रकार वारासिवनी एसडीएम के मार्गदर्शन में मंडी विभाग की टीम ने वारासिवनी तहसील के ग्राम सिर्रा में कार्रवाई की। यहां कोचिया व्यापारी जितेंद्र पटले के घर पर जांच के दौरान 350 क्विंटल धान बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 824 क्विंटल धान प्रशासन की जांच में सामने आया है।

जब्त रखने की कार्रवाई की गई है

जिला प्रशासन द्वारा दोनों स्थानों से बरामद 824 क्विंटल धान के स्टॉक को समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की अवधि तक जब्त रखने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध धान व्यापार, बिना वैध दस्तावेजों के भंडारण तथा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं की आशंका पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *