राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ने पीएम पोषण शक्ति मिशन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मध्याह्न भोजन, सांझा चूल्हा योजना, पोषण गतिविधियों तथा बच्चों एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन और पोषण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सांझा चूल्हा योजना अनिवार्य रूप से लागू करेें
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शालाओं में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाए। जिन स्कूल परिसरों में आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं, वहां स्कूल और आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए सांझा चूल्हा योजना अनिवार्य रूप से लागू की जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल और आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए अलग-अलग समूहों द्वारा भोजन तैयार करने की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कहीं पर भी ऐसा नहीं मिलना चाहिए कि शाला एवं आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए अलग-अलग समूह द्वारा अलग-अलग भोजन तैयार किया जा रहा है। कहीं पर भी शाला में शिक्षक एवं आंगनवाड़ी केन्द्र में सहायिका भोजन तैयार करते हुए नहीं मिलना चाहिए।
गैस चूल्हे उपलब्ध कराए गए हैं
इस दौरान सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र की शालाओं का निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट में यह जानकारी देना होगी कि कितने स्कूलों को मध्याह्न भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हे उपलब्ध कराए गए हैं और कितने स्कूलों में वास्तव में गैस चूल्हों पर भोजन तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही रसोइयों को मानदेय भुगतान की स्थिति की जानकारी भी देनी होगी। सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के सैंपल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।