राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।लाडली बहना की राशि से अंडे,मुर्गा और मछली खाने और वोट भाजपा को देने के अपने बयान पर विधायक राजकुमार करार्हे ने सफाई दी है। लेकिन इस सफाई वाले बयान के दौरान भी उन्होने एक और विवादित ब्यान दे दिया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी रात दिन शराब के नशे में रहते हैं।सरकार को चाहिए कि इन्हें पांच लीटर शराब बनाने का जो लाइसेंस दिया है उसे रद्द कर दे। सरकार की वजह से आदिवासी शराबी बन गए हैं।

आदिवासी शराबी हो गए हैं
विधायक राजकुमार करार्हे ने इस बार आदिवासी समाज पर टिप्पणी की, जिसमें उन्होने बैगा आदिवासियों को रात दिन शराब के नशे में धुत रहने की बात कही। उन्हें मिले 5 लीटर कच्ची शराब के अधिकार को मुख्यमंत्री से खत्म करने की बात कही। क्योकि आदिवासी दिन-रात शराब के नशे में धुत रहते है, उन्हें खाने का होश नहीं रहता है, जो कुछ घर में बना है, जो पत्ते में ढंका रहता है, उसे पत्ते में निकाला और बच्चों को खिलाया और खुद खाकर सो गए। रात में मच्छर काट रहे है या कोई जीव, यह उन्हें पता नहीं रहता। हमारी सरकार ने जो आदिवासी बैगा समाज को 5 लीटर कच्ची शराब बेचने की परमिशन दी है या यू कहे एक तरह से लाइसेंस दिया है उसे सरकार को खत्म करना चाहिए।

मुझे लगा कि वाह क्या बात है
विधायक करार्हे एक स्कूल के कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। कार्यक्रम में कई अतिथि मंचासीन थे, सांसद भारती पारधी भी मौजूद थी। लेकिन कार्यक्रम में विधायक ने अपने लाडली बहनों को मिलने वाली राशि से अंडे, मुर्गा और मछली खाने के बयान पर सफाई दे रहे थे। जहां उन्होने आदिवासी समाज पर टिप्पणी कर दी। उन्होने यह भी कहा कि लाडली बहना की राशि से अंडे, मुर्गा और मछली खाने वाला जो वीडियो वायरल हुआ, मै तो पूरे मध्यप्रदेश में छा गया। जब मुझे पता चला कि मप्र कांग्रेस ने अपने पेज में बयान का वीडियो डाला है तो मुझे लगा कि वाह क्या बात है। विधायक ने कहा कि मै आगे भी कही जाउंगा तो यही बोलूंगा और अपने सोशल मीडिया के लोगो से कहा है कि उसका वीडियो बनाना और उसे फिर से सोशल मीडिया में डाला जायेगा। लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे, आदिवासी बैगा समाज पर इस तरह का बयान देकर बुरी तरह से फंस गए है और उनका यह विडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। बता दे कि विधायक ने बीते महिनों में बैगा आदिवासी अंचल में मासूम बच्चों की मौत को भी आदिवासियों की शराब से जोड़ दिया था।