तीस बकरा और बकरी की चोरी,अब सामने बेटी की शादी का संकट - rashtrmat.com

तीस बकरा और बकरी की चोरी,अब सामने बेटी की शादी का संकट

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा/मऊगंज(ब्यूरो)। मऊगंज में चोरों ने सिर्फ 30 बकरा-बकरियां चोरी नहीं कीं, बल्कि एक पिता की वर्षों की मेहनत, उसकी उम्मीदों और बेटी की शादी के सपनों पर डाका डाल दिया। चोरी गए मवेशियों की कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामला नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा कोठार गांव का है। यहां रहने वाले संतोष कुमार जायसवाल के बाड़े में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
30 बकरा-बकरियों को अपने साथ ले गए
चोर बाड़े में बंधी सभी 30 बकरा-बकरियों को खोलकर अपने साथ ले गए। सुबह जब संतोष जायसवाल की नींद खुली और वह मवेशियों के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बाड़े में सेंध लगी थी और सभी मवेशी गायब थे। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
चोरों ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया
दरअसल, संतोष जायसवाल की बेटी की शादी आगामी अप्रैल महीने में होनी है। बेटी के विवाह का खर्च जुटाने के लिए उन्होंने लंबे समय से मेहनत करके इन बकरा-बकरियों को पाला था। उनकी उम्मीद थी कि शादी के समय इन मवेशियों को बेचकर मिलने वाली रकम से बेटी के विवाह की तैयारियां पूरी करेंगे। लेकिन चोरों ने एक ही रात में उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जिस पूंजी को उन्होंने बेटी की खुशियों के लिए संजोकर रखा था, वही अब चोरी हो चुकी है।
आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।थाना प्रभारी अनिल काकडे के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में विवेचना जारी है।
शादी की तैयारियों पर संकट
चोरों के लिए शायद ये सिर्फ 30 बकरा-बकरियां होंगी, लेकिन संतोष जायसवाल के लिए यही उनकी बेटी की डोली सजाने का सहारा थीं।  आज बाड़ा खाली है… पिता की उम्मीदें टूटी हुई हैं… और अप्रैल में होने वाली बेटी की शादी की तैयारियों पर संकट खड़ा हो गया है।अब जरूरत सिर्फ चोरों की गिरफ्तारी की नहीं, बल्कि इस पीड़ित परिवार को न्याय और प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहायता दिलाने की भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *