राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। जिले में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। टी-पॉइंट से बासागुड़ा तक सड़क पर किए जा रहे पेचवर्क कार्य में ठेकेदार द्वारा कथित तौर पर निर्धारित उपकरणों और आवश्यक मशीनों का उपयोग नहीं किया जा रहा है। पेचवर्क के नाम पर सड़क की सतह पर महज काम के नाम पर खानापूर्ति किया जा रहा है।

बिना पेचवर्क इंस्ट्रूमेंट के ही काम
जानकारी के अनुसार, सड़क मरम्मत कार्य में पेचवर्क के लिए आवश्यक उपकरणों और तकनीकी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए, लेकिन मौके पर ठेकेदार द्वारा बिना पेचवर्क इंस्ट्रूमेंट के ही काम कराया जा रहा है। ऐसे में सड़क की मरम्मत की गुणवत्ता और उसकी टिकाऊपन को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।
अधिकारी स्वयं पुष्टि कर रहे
मामले में सब इंजीनियर बिसाऊ राम पोर्ते ने भी बताया कि ठेकेदार बिना आवश्यक इंस्ट्रूमेंट के कार्य कर रहा है। जब विभाग के जिम्मेदार तकनीकी अधिकारी स्वयं इस बात की पुष्टि कर रहे हैं, तो सवाल यह है कि आखिर किसकी निगरानी में सड़क मरम्मत का काम कराया जा रहा है?

मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल
पेचवर्क का उद्देश्य सड़क पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को तकनीकी मानकों के अनुरूप दुरुस्त करना है, ताकि सड़क लंबे समय तक सुरक्षित और उपयोगी बनी रहे। लेकिन यदि आवश्यक उपकरणों के बिना ही कार्य कराया जाएगा, तो मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
कार्य की गुणवत्ता की जांच होगी
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग ठेकेदार से निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप काम करवाएगा? क्या कार्य की गुणवत्ता की जांच होगी या फिर पेचवर्क के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी कर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी जाएगी?सड़क मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि खर्च हो रही है, लेकिन यदि काम में जरूरी तकनीकी उपकरणों का ही इस्तेमाल नहीं हो रहा, तो जवाबदेही किसकी होगी?