डिप्टी सीएम के रीवा में 55 लाख की सड़क दस दिन में उखड़ गई - rashtrmat.com

डिप्टी सीएम के रीवा में 55 लाख की सड़क दस दिन में उखड़ गई

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा में 55 लाख रुपए की लागत से बनी 2 किलोमीटर सड़क महज 10 दिन में उखड़ने लगी। रामनई से भलुहा तक बने इस मार्ग की डामर की परत हाथ से रगड़ने पर भी निकल रही है।शिकायतकर्ता ने निर्माण में डामर की जगह प्लास्टिक की बोतलों के टुकड़ों जैसी अनुपयुक्त सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत संभागीय आयुक्त से की गई है। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
निर्माण के 10 दिन बाद ही उखड़ने लगी सड़क
शिकायत के मुताबिक, रामनई से भलुहा तक करीब 2 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 55 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। हाल ही में निर्माण पूरा हुआ, लेकिन 10 दिन के भीतर ही जगह-जगह से सड़क की परत उखड़ने लगी।
हाथ से रगड़ने पर भी निकल रही
शिकायतकर्ता प्रसून मिश्रा का आरोप है कि निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब है। सड़क पर डामर की परत इतनी कमजोर है कि हाथ से रगड़ने पर भी निकल रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, किसान और बाजार जाने वाले ग्रामीण रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क जल्दी खराब होने से उन्हें परेशानी हो रही है।
भुगतान रोकने की मांग
शिकायतकर्ता प्रसून मिश्रा ने मामले में तीन मांगें रखी हैं। इनमें तकनीकी टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा जांच पूरी होने तक निर्माण का भुगतान रोकने की मांग शामिल है।
कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
कांग्रेस प्रदेश महासचिव गुरमीत सिंह मंगू ने सड़क निर्माण को भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि 55 लाख रुपए की सड़क 10 दिन भी नहीं टिक पाई।सरकारी पैसों का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने जांच के निर्देश दिए हैं। अब तकनीकी जांच में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और सड़क की परत उखड़ने के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *