दो बाल लेखिका अनाया और अवनी के उपन्यास का लोकार्पण - rashtrmat.com

दो बाल लेखिका अनाया और अवनी के उपन्यास का लोकार्पण

रुड़की । होटल सेंटर पॉइंट में महिला काव्य मंच की रुड़की इकाई की ओर से मासिक काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माउंट लिट्रा जी स्कूल की मात्र 12 वर्ष की दो छात्राओं अनाया गोयल और अवनी गोयल के उपन्यासों का लोकार्पण रहा। इतनी कम उम्र में दोनों छात्राओं की साहित्यिक उपलब्धि ने उपस्थित साहित्यकारों और अतिथियों को प्रभावित किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता नवरचना पब्लिक स्कूल एवं ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल की निदेशिका श्रीमती शालिनी जोशी पंत ने की। मुख्य अतिथि माउंट लिट्रा जी स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश देवरानी रहे। साहित्यकार अनिल अमरोही और अलका घनशाला मुख्य वक्ता तथा प्रतिष्ठित साहित्यकार नवीन शरण निश्चल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती लिपिका गाड़ी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

साहित्यिक गतिविधियों का परिचय दिया

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला काव्य मंच की रुड़की इकाई की अध्यक्ष अर्चना त्यागी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने शहरवासियों की ओर से मंच को लगातार मिल रहे प्रोत्साहन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। श्रीमती मृणालिनी शर्मा ने शाहिदा शेख के साथ अपनी स्वरचित सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मंच की सचिव श्रीमती ममता चंद्रा ने महिला काव्य मंच की स्थापना, पदाधिकारियों, सदस्यों और मंच की ओर से संचालित साहित्यिक गतिविधियों का परिचय दिया।


इस अवसर पर अनाया गोयल के उपन्यास ‘A Haunted House’ तथा अवनी गोयल के उपन्यास ‘When the Truth Exposes Liars’ का लोकार्पण किया गया। साहित्यकार अनिल अमरोही ने अवनी की पुस्तक की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की। वहीं अलका घनशाला ने अनाया के उपन्यास के कलापक्ष और भावपक्ष का विश्लेषण करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए पठनीय पुस्तक बताया। साहित्यकार नवीन शरण निश्चल ने शिक्षक की भूमिका को ज्ञान का दीप प्रज्वलित करने वाला बताते हुए दोनों बाल लेखिकाओं को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर लिपिका गाड़ी ने भी दोनों छात्राओं को विद्यालय की शान बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
हास्य का वातावरण बनाया
इसके बाद नवंबर माह की काव्य गोष्ठी का संचालन कुमारी अनन्या त्यागी ने किया। गोष्ठी में कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, भावनात्मक और साहित्यिक विषयों को अभिव्यक्ति दी। श्रीमती वीना सिंह ने ‘इंतजार’ कविता में गांव और पलायन की पीड़ा को उकेरा। श्रीमती कविता गोयल ने ‘अगर हम पढ़ते’ व्यंग्य के माध्यम से हास्य का वातावरण बनाया। शाहिदा शेख ने आशावादी गजल, मृणालिनी शर्मा ने प्रार्थना गीत तथा अलका घनशाला ने महिलाओं को समर्पित ‘मैंने पंखों को अपने समेटा जरा’ गीत प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में अनुपमा गुप्ता ने ‘बुद्ध का धन्यवाद’, ममता चंद्रा ने ‘इंतजार’ गजल, अर्चना त्यागी ने ‘तस्वीर का गांव’, कुमारी अनन्या गोयल ने ‘समय का चक्र’ और बुशरा तबस्सुम ने ‘सुख का चश्मा’ कविता प्रस्तुत कर गोष्ठी को विविध भावों से समृद्ध किया।


मंच की उपाध्यक्ष बुशरा तबस्सुम और शिवानी गोयल ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया। बुशरा तबस्सुम ने बताया कि भविष्य में महिला काव्य मंच की ओर से साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। नई प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती शालिनी जोशी पंत ने साहित्य शब्द का अर्थ स्पष्ट करते हुए नए रचनाकारों को समाजहित में लेखन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने बच्चों के दूर चले जाने की पीड़ा को भी गीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया।कार्यक्रम में शहर की लोकप्रिय भजन गायिका श्रीमती राधिका और उनकी पुत्री कुमारी आराध्या की सुमधुर कृष्ण भजन प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


कार्यक्रम के प्रमुख सूत्रधार श्रीमती शिवानी गोयल एवं श्री अंकुर गोयल रहे। महिला काव्य मंच की ओर से श्रीमती पारुल त्यागी, श्रीमती आकांक्षा गोयल और श्रीमती शिवानी गोयल का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कोर की प्रोफेसर श्रीमती प्रीति त्यागी, लर्निंग लीडर की प्रधानाचार्या श्रीमती रुचिका हांडा, सिब्लिंग नर्सरी स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती रेनू कौशिक, जी.डी. गोयनका स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती शिप्रा गुप्ता और रुड़की पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना त्यागी सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बाल प्रतिभाओं के सम्मान, साहित्यिक विमर्श, काव्य प्रस्तुतियों और भक्तिरस के सुंदर समन्वय ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। विशेष रूप से महज 12 वर्ष की उम्र में दो छात्राओं के उपन्यासों का लोकार्पण समारोह की उल्लेखनीय उपलब्धि रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *