जोगिनिहाई टोल प्लाजा पर BJP नेता ने दिखाई धौंस, बोले- मुझे नहीं जानते - rashtrmat.com

जोगिनिहाई टोल प्लाजा पर BJP नेता ने दिखाई धौंस, बोले- मुझे नहीं जानते

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा के जोगिनिहाई टोल प्लाजा का एक वीडियो मंगलवार को सामने आया है। इसमें मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरपर्सन संजय नगाइच और टोल कर्मचारियों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। टोल प्लाजा पर मौजूद एक कर्मचारी ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। आरोप है कि संजय नगाइच ने अपने पद का हवाला देते हुए टोल कर्मचारियों पर धौंस दिखाई।
‘नशे में तो आप लग रहे हैं
सामने आए वीडियो में संजय नगाइच कर्मचारियों से कहते सुनाई दे रहे हैं कि ‘तुम एमपी वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरपर्सन को नहीं जानते, नशे में हो क्या?’ इस पर टोल कर्मचारियों ने भी जवाब देते हुए कहा- ‘नशे में तो आप लग रहे हैं।’
कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार
मामले को लेकर कांग्रेस नेता अभिनव बरोलिया ने संजय नगाइच पर निशाना साधा है। बरोलिया ने टोल कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और टोल शुल्क का भुगतान नहीं करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब हर टोलकर्मी उन्हें सैल्यूट करे और उनकी गाड़ी के सामने नतमस्तक हो जाए?
CM संजय नगाइच के खिलाफ कार्रवाई करेंगे
बरोलिया ने कहा कि टोल कर्मचारियों को राजनीतिक धौंस दिखाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने की शैली से समझ आता है कि भाजपा के नेता और पदाधिकारी आम जनता के साथ कैसा व्यवहार करते होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि क्या वे संजय नगाइच के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? साथ ही मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन से मामले में कड़ा एक्शन लेने की मांग की है।
 डर से सामने नहीं आ रहे टोलकर्मी
मामले में टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने खुलकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि सत्ताधारी दल के नेता के खिलाफ बोलने पर उनकी नौकरी खतरे में पड़ सकती है। हालांकि नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर कर्मचारियों ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भाजपा नेता ने टोलकर्मियों के साथ काफी अभद्रता की थी।
कलेक्टर से बात करने की धमकी दे रहे थे
कर्मचारियों के मुताबिक, संजय नगाइच उनसे बार-बार नाम पूछ रहे थे और कलेक्टर से बात करने की धमकी दे रहे थे। कर्मचारियों ने अपने नाम भी बताए थे। उनका आरोप है कि इस दौरान उन्हें तबाह कर देने की धमकी भी दी गई। कर्मचारियों का कहना है कि घटना का वीडियो उन्होंने किसी को नहीं दिया था, क्योंकि जिला प्रशासन की तरफ से उन्हें आश्वासन मिला था। लेकिन जब उन्हें लगा कि इस घटनाक्रम में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने वीडियो सार्वजनिक कर दिया, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। कर्मचारियों का कहना है कि सत्ता में बैठे नेता के खिलाफ बोलने की कीमत उन्हें अपनी नौकरी गंवाकर चुकानी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *