BJPके उपाध्याक्ष ने UKS पैलेस में पमेंट नहीं देने की गुंडई,पुलिस चुप रही - rashtrmat.com

BJPके उपाध्याक्ष ने UKS पैलेस में पमेंट नहीं देने की गुंडई,पुलिस चुप रही

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।यूकेएस पैलेस में सतना का बीजेपी उपाध्यक्ष मुरारी सोनी ने पेमेंट को लेकर अपने आदमियों के साथ मारपीट की। यूकेएस पैलेस के मैनेजर अमित द्विवेदी के मुताबिक 1.21 लाख में सौदा तय हुआ था। लेकिन बाद में प्लेटों की संख्या बढ़ गयी। उनसे 1.36 लाख रुपए लेना था। लेकिन उन्होंने केवल 89 हजार रुपए ही दिये। बाकी पैसा मांगने पर उनके आदमी और हमारे कर्मचारियों के साथ बेल्ट निकाल कर मारपीट करने लगे। हमारे आदमियों ने भी अपना बचाव किया। पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए।सतना के सांसद का फोन आ गया इस वजह से हमारी रिपोर्ट 20 घंटे तक समान थाने में नहीं लिखी गयी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल 

रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित यूकेएस पैलेस में सगाई समारोह के बाद हुए विवाद और मारपीट के मामले में आखिरकार करीब 20 घंटे के लंबे इंतजार के बाद देर रात पैलेस के मैनेजर की शिकायत पर भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने समान थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, यूकेएस पैलेस में सोनी परिवार का सगाई समारोह आयोजित किया गया था, जहां कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर रात करीब 2 बजे जब मेहमानों की विदाई हो गई और पैलेस प्रबंधन की ओर से बकाया भुगतान मांगा गया, तो भुगतान की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
मैनेजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट
पैलेस प्रबंधन का आरोप था कि सोनी परिवार के कुछ लोगों ने सबसे पहले मैनेजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू की, जिसके बाद मैनेजर और कर्मचारियों ने अपना बचाव किया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं, वहीं पैलेस मैनेजर और कर्मचारियों के सिर पर भी गंभीर चोटें आने की बात सामने आई थी। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह था कि यूकेएस पैलेस परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और प्रबंधन का दावा था कि विवाद शुरू होने से लेकर मारपीट तक की पूरी घटना कैमरों में कैद है। ऐसे में पैलेस प्रबंधन लगातार मांग कर रहा था कि पुलिस सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज की जांच करे और यह स्पष्ट करे कि विवाद की शुरुआत किसने की तथा मारपीट करने की पहल किस पक्ष की ओर से हुई। लेकिन इस मामले में समान थाना पुलिस की भूमिका शुरुआत से ही सवालों के घेरे में रही।
थाने से वापस भेज दिया गया
पैलेस प्रबंधन का आरोप था कि घटना के बाद सोनी परिवार के लोग थाने पहुंचे और उनकी शिकायत पर मैनेजर तथा कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन जब पैलेस के मैनेजर ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया तो उनकी सुनवाई नहीं हुई। मैनेजर का कहना था कि उन्हें मेडिकल परीक्षण यानी एमएलसी कराने के बाद थाने से वापस भेज दिया गया और वह अपने कर्मचारियों के साथ लगातार थाने के चक्कर काटते रहे, लेकिन उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। सवाल यह था कि जब एक पक्ष की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जा सकती है तो दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई करने में इतनी परेशानी क्यों हो रही है? क्या कानून का अधिकार केवल एक पक्ष तक सीमित है या फिर दूसरे पक्ष को भी अपनी शिकायत दर्ज कराने और न्याय पाने का उतना ही अधिकार है? पैलेस प्रबंधन ने इस पूरे मामले में राजनीतिक रसूख और दबाव की आशंका भी जताई थी।
20 घंटे बाद पुलिस FIR दर्ज की
मैनेजर का आरोप था कि जिस परिवार का सगाई समारोह आयोजित किया गया था, उसका एक सदस्य भारतीय जनता पार्टी में सतना का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है और इसी राजनीतिक प्रभाव के चलते उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि राजनीतिक दबाव के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। वहीं, अब करीब 20 घंटे के लंबे इंतजार के बाद देर रात जब पैलेस मैनेजर की शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज हुई तो एक बार फिर समान थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर शिकायत दर्ज करने में इतना समय क्यों लगा? जब घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे मौजूद थे, मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका था और मैनेजर लगातार थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराने की मांग कर रहा था, तो पुलिस को एफआईआर दर्ज करने में करीब 20 घंटे का इंतजार क्यों करना पड़ा? क्या समान थाने में आम नागरिकों की शिकायतों को दर्ज करने की यही प्रक्रिया है या फिर शिकायतकर्ता को अपनी बात सुनवाने के लिए घंटों और दिनों तक थाने के चक्कर काटने पड़ेंगे? इस पूरे घटनाक्रम ने थाने की कार्यप्रणाली और पुलिस के रवैये को लेकर तानाशाही जैसे गंभीर आरोपों को भी हवा दी है। हालांकि अब दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस के सामने निष्पक्ष जांच की चुनौती है।
मारपीट की शुरुआत किसने की
जरूरत इस बात की है कि पुलिस बिना किसी राजनीतिक या बाहरी दबाव के पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच करे, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर यह स्पष्ट करे कि आखिर मारपीट की शुरुआत किसने की और किसकी क्या भूमिका रही। क्योंकि एफआईआर दर्ज हो जाना ही न्याय की गारंटी नहीं है, बल्कि निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई होना भी उतना ही जरूरी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समान थाना पुलिस की इस कथित देरी और कार्यप्रणाली पर संज्ञान लेंगे, क्या यह जांच होगी कि एक पक्ष की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई और दूसरे पक्ष की शिकायत पर करीब 20 घंटे तक इंतजार क्यों कराया गया, या फिर इस पूरे मामले को सामान्य विवाद मानकर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? यूकेएस पैलेस की यह घटना अब केवल दो पक्षों के बीच हुई मारपीट तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पुलिस की निष्पक्षता, जवाबदेही और आम नागरिकों की शिकायतों को लेकर पुलिस के रवैये पर भी बड़ा सवाल बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *