राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर ने किरनापुर विकासखंड के पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम मेंढरा, भक्कूटोला, साकरीटोला एवं सिरका का भ्रमण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम बोरवन में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव भी मौजूद रहे।

भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश
कलेक्टर सिंह ने ग्राम मेंढरा के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों, टीकाकरण एवं पोषण आहार वितरण की जानकारी ली। केंद्र की व्यवस्थाएं एवं कार्यकर्ता का कार्य संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने केंद्र में बर्तन, बच्चों की ऊंचाई मापने की मशीन एवं खिलौने उपलब्ध कराने तथा भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा
कलेक्टर ने गांवों में नालों एवं नदियों के पानी को रोकने के लिए बड़ी संख्या में स्टॉप डेम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पक्की सड़कों के साथ पुल-पुलियों पर बॉक्स कल्वर्ट एवं जल संरक्षण की संरचनाएं बनाई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों को पशुपालन, बकरीपालन एवं मुगीर्पालन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ने पर गांव को मिल्क रूट से जोड़ा जाएगा। शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण लेकर व्यवसाय शुरू करने तथा महिलाओं को आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़कर सिलाई, कढ़ाई, दोना-पत्तल एवं झाड़ू निर्माण जैसी गतिविधियां अपनाने की सलाह दी।