बालाघाट में सफाई व्यवस्था ध्वस्त,पार्षदो की निष्क्रियता पर सवाल - rashtrmat.com

बालाघाट में सफाई व्यवस्था ध्वस्त,पार्षदो की निष्क्रियता पर सवाल

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। वार्डो की गलियों और मोहल्लों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। सबसे खराब स्थिति वार्ड क्रमांक 03 और 10 में देखने को मिल रही है, जहां नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि मोहल्लों और गलियों से चार से पांच दिनों तक कचरा नहीं उठाया जाता, जिसके चलते कचरा सड़कों पर बिखरा रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और नगर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले अमले का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।

चिंताजनक स्थिति वार्ड क्रमांक 3,9 की
सबसे चिंताजनक स्थिति जामा मस्जिद चौक के समीप उस स्थान की है, जहां खुले में कचरा फेंका जा रहा है। यह स्थान वार्ड क्रमांक 9 के अंतर्गत आता है, लेकिन यहां वार्ड क्रमांक 3 के रहवासियों द्वारा भी कचरा डाला जाता है। विडंबना यह है कि कचरा उठाने की जिम्मेदारी को लेकर दोनों वार्डों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद का कहना है कि उक्त स्थान पर वार्ड क्रमांक 3 के रहवासी कचरा फेंकते हैं, इसलिए वहां से कचरा उठाने की जिम्मेदारी वार्ड क्रमांक 3 के कचरा वाहन की होनी चाहिए। वहीं वार्ड क्रमांक 3 के रहवासियों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचता और उसका कोई अता-पता नहीं रहता। ऐसे में जामा मस्जिद चौक के पास जमा कचरा कई दिनों तक पड़ा रहता है। स्थिति यह है कि आवारा मवेशियों के झुंड कचरे में विचरण करते हुए उसे सड़क पर फैला देते हैं, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है।

जुर्माने की कार्यवाही की जायेगी
सफाई व्यवस्था की इस बदहाली ने नगरपालिका परिषद की कार्यप्रणाली और वार्ड पार्षदों की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।  इस मामले में नगरपालिका सीएमओ सूर्यप्रकाश यूके का कहना है कि आज उन्होने स्टाफ भेज वहां पर समझाइस दी कि कोई भी कचरा सडक पर नहीं फेंकेगा। घरो व प्रतिष्ठानो से निकलने वाला कचरा, पहले संग्रहित करके रखे और जब कचरा वाहन मौके से गुजरे तो उक्त कचरा, कचरा वाहन में डाले, अन्यथा जुर्माने की कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *