राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जनसुनवाई में वारासिवनी तहसील अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला डोंगरगांव संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मेंढकी के सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल बोकडे एरियर की द्वितीय किश्त का भुगतान नही करने संबंधी शिकायत लेकर आए थे। सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल बोकडे का कहना था कि वे 31 जनवरी 2022 को सेवानिवृत्त हो गए है।
शीघ्र भुगतान करने कहा गया
शासन के आदेशानुसार उन्हें प्रथम नियुक्ति से पूर्ण वेतनमान का एरियर्स दो किश्तों में दिया जाना था। उन्हें 01 लाख 28 हजार 140 रुपए की प्रथम किश्त का भुगतान कर दिया गया है लेकिन 01 लाख 71 हजार 450 रुपए की द्वितीय किश्त का भुगतान 02 वर्ष 10 माह बीत जाने के बाद भी नही किया गया है। इस प्रकरण में कलेक्टर ने वारासिवनी के बीईओ एवं बीआरसी को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिये है। इसके साथ ही द्वितीय किश्त का शीघ्र भुगतान करने कहा गया है।
आवागमन बाधित किये जाने की शिकायत
किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम परसवाड़ा निवासी भवानी तिवारी अपनी निजी भूमि पर बिना अनुमति गेट एवं बैनर लगाए जाने और आवागमन बाधित किये जाने की शिकायत लेकर आये थे। उनका कहना था कि सलीम खान, जावेद खान, शानू खान एवं उनके साथियों ने उनकी निजी भूमि पर बिना अनुमति गेट और बैनर लगा दिए हैं, जिससे उन्हें अपनी ही जमीन पर आने-जाने में परेशानी हो रही है। भवानी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में तहसीलदार किरनापुर को लिखित शिकायत देने के साथ जनसुनवाई में भी आवेदन किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस प्रकरण में एसडीएम किरनापुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।