राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। दीपावली का पर्व खुशियों, रोशनी और आपसी प्रेम का प्रतीक है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए शहीद भगत सिंह सेवा समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने एक सराहनीय पहल की। दीपावली की पूर्व संध्या पर उन्होंने रेलवे पुल के नीचे रहकर मजदूरी करने वाले बाहरी परिवारों के बीच पहुंचकर दीपावली का त्योहार मनाया और उनके साथ खुशियां साझा कीं।

मिठाइयों का वितरण किया
इस दौरान समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने मजदूर परिवारों के बच्चों और सदस्यों को लड्डू, पेठा, कलाकंद सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का वितरण किया। इस पहल से उन परिवारों के चेहरों पर भी दीपावली की खुशियां देखने को मिलीं, जो अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दूसरे स्थानों से आकर यहां मजदूरी कर रहे हैं।
दर-दर भटकना न पड़े
इस अवसर पर सुजीत द्विवेदी ने कहा कि ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि इन सभी परिवारों का अपना पक्का घर हो, इन्हें मजदूरी करने के लिए दर-दर भटकना न पड़े और इनके जीवन में भी सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।उन्होंने कहा कि दीपावली की असली खुशी तभी है, जब हम समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों के बीच जाकर उनके साथ खुशियां बांटें।