JNU की दीवारों पर नए नारे,अखंड भारत' और 'स्टॉप लव जिहाद' - rashtrmat.com

JNU की दीवारों पर नए नारे,अखंड भारत’ और ‘स्टॉप लव जिहाद’

राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। दिल्ली के दो प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालयों जामिया मिल्लिया इस्लामिया और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में दीवारों पर विवादित नारे लिखे जाने के नए-नए मामले सामने आए हैं। पहले जामिया और अब जेएनयू में हुई इन घटनाओं ने परिसर के माहौल को फिर गरमा दिया है। अलग-अलग विचारधाराओं से जुड़े नारों और तस्वीरों के सामने आने के बाद छात्र संगठनों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई है।

अखंड भारत’ और ‘स्टॉप लव जिहाद’
जेएनयू में वामपंथी छात्रों की ओर से दीवारों पर नारे लिखे जाने के विरोध में अब ‘अखंड भारत’ और ‘स्टॉप लव जिहाद’ जैसे नारे लिखे गए हैं। इसके अलावा, परिसर में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के साथ राहुल गांधी और जेएनयू से बर्खास्त प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम की तस्वीरें भी चस्पा की गई हैं। प्रोफेसर अकोइजम पर 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद उन्हें विश्वविद्यालय से बर्खास्त किया गया था।

सावरकर के चित्र के साथ आपत्तिजनक लेखन
जेएनयू परिसर में इससे पहले भी दीवारों पर विवादित नारे लिखे जाने के मामले सामने आए थे। बीते दिनों परिसर की दीवारों पर ‘फ्री उमर खालिद’ और ‘लॉन्ग लिव नक्सलबाड़ी’ जैसे नारे लिखे गए थे। इसके अलावा, सामने आई तस्वीरों में आइसा के कैडर की ओर से वीर सावरकर के चित्र के साथ आपत्तिजनक लेखन किए जाने का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं के बाद परिसर में वैचारिक टकराव को लेकर बहस तेज हो गई है।

जामिया की दीवारों पर भी लिखे गए थे नारे
जेएनयू में ताजा घटनाक्रम से ठीक एक दिन पहले जामिया मिल्लिया इस्लामिया में भी दीवारों पर विवादित नारे लिखे जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद से विश्वविद्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। जामिया में 12 अक्तूबर से छात्र संघ चुनाव बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस आंदोलन में जासिम अली, एबिन, रिहान हैदर और रिहान पंवार शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *