राष्ट्रमतन्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)।बालाघाट में सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर जान गंवाने वाली युवती की पहचान 24 घंटे बाद हो गई है। मृतका की पहचान लक्ष्मी श्रीवास्तव के रूप में की गई है। उसका शव भटेरा और बैहर रोड रेलवे क्रॉसिंग के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला था।युवती लक्ष्मी की ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या करने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मां की मौत के सदमे के कारण या शिक्षित बेरोजगारी भी वजह आत्म हत्या की है।

खोजबीन शुरू की गई
लक्ष्मी के भाई रविशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पिता की पांच साल पहले और मां की दो साल पहले मौत हो गई थी। वे दोनों भाई-बहन घर में साथ रहते थे। रविशंकर के अनुसार, लक्ष्मी उच्च शिक्षित थी और नौकरी के लिए प्रयासरत थी, लेकिन मां की मौत के बाद से वह गुमसुम रहने लगी थी।भाई ने बताया कि रविवार रात खाना खाने के बाद वे सो गए थे। सुबह लक्ष्मी कब घर से निकली और ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। सुबह जब बहन घर पर नहीं दिखी तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।

अपनी बहन लक्ष्मी के रूप में की शिनाख्त
रविशंकर अपनी बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली थाना पहुंचे। वहां पुलिस ने उन्हें ट्रेन से कटी युवती की फोटो दिखाई, जिसकी पहचान उन्होंने अपनी बहन लक्ष्मी के रूप में की।एएसआई भुनेश ठाकरे ने बताया कि सोमवार तक मृतक युवती की पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान होने के बाद मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।