राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। जिले में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार के विरुद्ध बीजापुर कोतवाली पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा एवं नशीली गोलियां बरामद की हैं।यह कार्रवाई दिनांक 27 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक सुदीप सरकार के निर्देशन में की गई।
नशीली टैबलेट्स जब्त की गईं
कोतवाली पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने एक ही समय पर बीजापुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान विजय नगर, बीजापुर से आरोपी पापैया गोनेट (47 वर्ष) के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। वहीं अटल आवास, बीजापुर से आरोपी सहजान खान (30 वर्ष) के पास से नशीली टैबलेट्स जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा इनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।
बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में लिया गया है।
बीजापुर पुलिस को सूचित करें
बीजापुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार या सेवन की जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या बीजापुर पुलिस को सूचित करें, ताकि जिले को नशा-मुक्त बनाने के अभियान में जनसहयोग सुनिश्चित किया जा सके।