राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जेसीसीजे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता रहीम खान के आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम में शिरकत की और विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।उन्होंने बालाघाट के आदिवासियों से भी आह्वान किया कि वे बक्साइट खदानों के खिलाफ एकजुट हों।अमित जोगी ने ‘शराब हटाओ सिंदूर बचाओ’ अभियान के प्रति भी अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने सामाजिक सुधार के लिए शराबबंदी और नशामुक्ति को आवश्यक बताया।

बक्साइट खदानों के खिलाफ एकजुट हों
अमित जोगी ने छत्तीसगढ़ के रेंगाखार और दलदली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की अति पिछड़ी जनजातियों को विस्थापित कर बक्साइट खदानें लगाने की कोशिश की गई थी, जिसे कड़े संघर्ष के बाद रुकवाया गया।उन्होंने बालाघाट के आदिवासियों से भी आह्वान किया कि वे बक्साइट खदानों के खिलाफ एकजुट हों। जोगी ने मांग की कि इन क्षेत्रों में खदानों का स्वामित्व बाहरी कंपनियों के बजाय स्थानीय आदिवासियों को दिया जाना चाहिए।
भाजपा को रोक सकते हैं
उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग और ईवीएम (EVM) जैसे महत्वपूर्ण सिस्टम पर प्रभाव जमा लिया है। आगामी बंगाल विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए जोगी ने कहा कि यदि विपक्षी दल मिलकर लड़ें, तो भाजपा को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।

गैर-भाजपाई दल एक मंच पर आए
इस दौरान अमित जोगी ने देश के वर्तमान राजनीतिक माहौल पर चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस धर्म व जाति के नाम पर समाज को बांट रहे हैं। उन्होंने इसे देश के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि हिंदू-मुस्लिम के बीच बढ़ती दूरियों को रोकने के लिए सभी गैर-भाजपाई दलों को एक मंच पर आना होगा।