कंजई उपार्जन केंद्र के 3 कर्मचारी निलंबित - rashtrmat.com

कंजई उपार्जन केंद्र के 3 कर्मचारी निलंबित

राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट (ब्यूरो)।   कलेक्‍टर  मृणाल मीना ने समर्थन मूल्‍य पर धान खरीदी में अनियमितता किये जाने पर लालबर्रा तहसील के अंतर्गत उपार्जन केंद्र कंजई के 03 कर्मचारियों को तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही धान खरीदी में हुई अनियमितता के कारण शासन को हुई क्षति की राशि इन निलंबित कर्मचारियों के वेतन से वसूल करने के आदेश दिये है।

57 क्विंटल धान अधिक पाया गया

  धान उपार्जन केंद्र कंजई में अनियमितता किये जाने की शिकायत प्राप्‍त होने पर कनिष्‍ठ आपूर्ति अधिकारी सुनिल किरार, वेयर हाउस प्रबंधक आरके पटले, सहकारिता विभाग के उपअंकेक्षक अतुल राय की टीम द्वारा 10 जनवरी को कंजई के उपार्जन केंद्र जाकर जांच की गई। जांच के दौरान भौतिक सत्‍यापन में केंद्र में 57 क्विंटल धान अधिक पाया गया। केंद्र में तौल कर रखी गई बोरियों में स्‍टेंसिल एवं किसान कोड नही पाया गया। केंद्र में अमानक स्‍तर की धान खरीदा जाना पाया गया। केंद्र में किसानों द्वारा लायी गई धान की ढ़ेरी न लगाकर बोरी से बोरी में धान पलटना पाया गया। 09 जनवरी 2026 को जारी तौल पर्ची में से 04 किसानों की धान पोर्टल पर नही चढ़ाई गई थी। खरीदी केंद्र में धान के परिवहन में भी गड़बड़ी किया जाना पाया गया। परिवहन के लिए लगे वाहनों से पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर धान का उठाव नही कराया गया है।

तत्‍काल प्रभाव से निलंबित

 खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्‍य पर धान उपार्जन नीति की कंडिकाओं का उल्‍लंघन करने के कारण कलेक्‍टर   मृणाल मीना ने सेवा स‍हकारी समिति कंजई के प्रबंधक बाबुलाल ठाकरे, उपार्जन केंद्र प्रभारी खूबचंद एड़े एवं कम्‍प्‍यूटर ऑपरेटर गणेश शरणागत को तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। धान खरीदी केंद्र में की गई अनियमितता से शासन को हुई क्षति की राशि इन निलंबित कर्मचारियों के वेतन से वसूल करने के आदेश दिये गए है।