राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में 21 फरवरी को दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी। 132 केवी सबस्टेशन में मरम्मत और रखरखाव का काम होना है, जिसकी वजह से बिजली कंपनी ने 4 घंटे का कट लगाने का फैसला किया है।बिजली कंपनी के मुताबिक, इस काम की वजह से शहर के सरेखा-1 और सरेखा-2 बिजली केंद्रों से जुड़े सभी इलाकों की बत्ती गुल रहेगी। सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि लालबर्रा, वरासिवनी, बैहर और लांजी जैसे ग्रामीण इलाकों की सप्लाई भी बंद रखी जाएगी। इससे घर, दुकान और बड़े कारखानों, सभी का काम प्रभावित होगा।

इन खास इलाकों में कटेगी बिजली
मरम्मत के दौरान गर्रा, कनकी, लोहरा और सालेटका जैसे उपकेंद्रों से जुड़ी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। इसका असर 36वीं बटालियन कनकी, कोसमी के पोहा उद्योग और मानेगांव की राइस मिलों पर भी पड़ेगा। साथ ही, भटेरा और बुढ़ी स्थित जल निगम की मशीनों को भी बिजली नहीं मिल पाएगी।
5 बजे तक बिजली नहीं आएगी
कंपनी ने साफ किया है कि गर्रा, भमोडी, नवेगांव और छिंदगांव जैसे क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली नहीं आएगी। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे पानी भरने या मोबाइल चार्ज करने जैसे जरूरी काम दोपहर 1 बजे से पहले ही निपटा लें, ताकि बिजली बंद होने पर कोई बड़ी परेशानी न हो।