शत-प्रतिशत नामांकन न कराने वाले BEO, BRC का रूकेगा वेतन - rashtrmat.com

शत-प्रतिशत नामांकन न कराने वाले BEO, BRC का रूकेगा वेतन

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विशेष प्रयास करें। शाला जाने योग्य सभी बच्चों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। जिले में अभी भी लक्ष्य के अनुसार 96 प्रतिशत बच्चों का ही स्कूलों में एडमीशन हुआ है। बीईओ तथा बीआरसी 7 जुलाई तक लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत बच्चों का शाला में प्रवेश कराएं। शत-प्रतिशत नामांकन न होने पर बीईओ, बीआरसी का वेतन रोका जाएगा।

पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें
कलेक्टर ने कहा कि विन्ध्य की आमजनता शिक्षित और जागरूक है। इस धरती के कई सपूतों ने विभिन्न क्षेत्रों में अप्रतिम सफलताएं प्राप्त की हैं। विद्यार्थी की रूचि और क्षमता के अनुसार उसे शिक्षा और कॅरियर का मार्गदर्शन दें। भावी पीढ़ी को शिक्षित करने के लिए ही शिक्षकों को अच्छा वेतन और सुविधाएं दी जा रही हैं। अपने पदीय दायित्वों का ठीक से निर्वहन करें। विद्यार्थियों को एक सप्ताह में नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण कराकर पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें।

आईडी बनाने में भी प्रगति संतोषजनक नहीं

विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने में भी प्रगति संतोषजनक नहीं है। त्योंथर विकासखण्ड में केवल 61 प्रतिशत बच्चों की अपार आईडी बनाई गई है। इस तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित बीईओ त्योंथर के विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जर्जर भवनों को नष्ट कराने की कार्यवाही करें
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शालाओं के साथ बनाए गए शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा कराएं। शासन के निर्देशों के अनुसार प्राथमिक स्कूलों के आसपास स्थित आंगनवाड़ी केन्द्रों को मैपिंग के अनुसार प्राथमिक शालाओं में शिफ्ट कराएं। कलेक्टर ने गंगेव विकासखण्ड में मेंटर विजिट 91 प्रतिशत रहने पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा विकास की कुंजी है। सभी शिक्षक संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करें। जर्जर शाला भवनों में कक्षाएं संचालित न करें। जर्जर भवनों को नष्ट कराने की कार्यवाही करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *