प्रेम विवाह के बाद पति लापता,ससुराल वालों ने घर से निकाला - rashtrmat.com

प्रेम विवाह के बाद पति लापता,ससुराल वालों ने घर से निकाला

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। लांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोटी निवासी मीनाक्षी जांभुरे से किशोर गुदें ने मंदिर में विवाह करने के बाद उसके साथ कुछ महीने रहा। अपने घर वालों से मिलवाने के बहाने बस स्टैंड लेकर गया। बगैर बताए वहां से लापता हो गया। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले उसके पति को कहीं छिपाकर रखे हैं। उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिये है। पति ने तीन बार उसका गर्भपात करा चुका है। एसपी कार्यालय पहुंच कर पीड़िता ने उसे न्याय दिलाने की गुहार पुलिस अधीक्षक से की।

मंदिर में विवाह किया

पीड़िता मीनाक्षी जांभुरे का आरोप है कि वर्ष 2019 से उसकी पहचान ग्राम पंचायत खजरी निवासी युवक किशोर गुर्दे से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्रेम संबंध हो गया। इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई। लेकिन युवक ने कथित रूप से दबाव बनाकर दवाई खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। युवती का कहना है कि जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो युवक टालमटोल करता रहा। अंत मे लगातार दबाव के बाद 27 अक्टूबर 2025 को बालाघाट शहर के कालीपुतली चौक स्थित हनुमान मंदिर मे युवक ने अपने रिश्तेदारों अनिल डोंगरे और दिनेश नारनौरे की मौजूदगी में उससे विवाह किया। युवती ने विवाह के फोटोग्राफ और विवाह संपन्न कराने वाले पुरोहित का पत्र भी प्रमाण के रूप में प्रस्तुत किया है।

ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया

पीड़िता ने बताया कि विवाह के बाद युवक ने उसे बालाघाट में अनिराम मुंजारे के घर किराये के कमरे में लगभग एक माह तक रखा। इस दौरान वह दस्तावेज तैयार होने के बाद घर ले जाने का आश्वासन देता रहा। युवती का आरोप है कि इससे पहले वह एक सप्ताह तक ग्राम खजरी स्थित युवक के घर पर भी रही जहां परिवार के लोगों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और भोजन तक नहीं दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने 108 एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल लांजी में भर्ती होकर उपचार कराया।

बस स्टैंड छोड़कर लापता हो गया

पीड़िता का कहना है कि जब उसने थाने में शिकायत की बात कही तब युवक ने विवाह किया। लेकिन एक माह साथ रखने के बाद जब वह उसे घर ले जाने की जिद करने लगी तो उसे बस स्टैंड में छोड़ कर युवक लापता हो गया। इसके बाद वह ग्राम खजरी स्थित ससुराल पहुंची,जहां युवक की मां और भाई ने कथित रूप से उसका सामान बाहर फेंक दिया और मारपीट कर घर से भगा दिया।

मामला दर्ज नहीं किया गया

मीनाक्षी का आरोप है कि वह दो से तीन बार लांजी थाने पहुंची लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उसने पुलिस पर ससुराल पक्ष से सांठगांठ कर मामला दबाने का आरोप भी लगाया है। युवती का कहना है कि उसके ससुराल वाले युवक को छिपाकर रखे हुए हैं। अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है और आरोपी युवक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उसे उसके वैवाहिक अधिकार दिलाने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।