खेत में काम को लेकर विवाद बेटे ने कर दी पिता की हत्या - rashtrmat.com

खेत में काम को लेकर विवाद बेटे ने कर दी पिता की हत्या

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सलघट में पिता.पुत्र के बीच हुआ विवाद हिंसा में तब्दील हो गया। खेत में काम करने को लेकर हुए झगड़े में बेटे ने अपने ही पिता पर मोटी लकड़ी से हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।
पिता हमले से घायल
ग्राम सलघट निवासी लगभग 50 वर्षीय मन्नूसिंह ने 09 मार्च की रात करीब 09 बजे अपने पुत्र उमनसिंह से खेत में काम करने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पुत्र उमनसिंह ने गुस्से में आकर एक मोटी लकड़ी से पिता पर हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोपी बेटा फरार
घटना के बाद परिजनों ने घायल मन्नूसिंह को एक निजी चिकित्सक के पास ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया और बाद में घर ले आए। लेकिन उपचार के बाद अगले दिन 10 मार्च की सुबह करीब 10 बजे उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ समय बाद घायल पिता की मौत हो गई। जिसकी सुचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर बिरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी पुत्र उमनसिंह की तलाश कर रही है।