बिना नंबर प्लेट वाले खनिज परिवहन वाहनों को जब्त करें-कलेक्टर - rashtrmat.com

बिना नंबर प्लेट वाले खनिज परिवहन वाहनों को जब्त करें-कलेक्टर

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में 29 जनवरी को जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खनिज उत्खनन की स्थिति कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के कार्य, अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक तथा खनन से होने वाले प्रदूषण नियंत्रण हेतु पौधारोपण कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
खनन सीमा दर्शाने वाले पिलर लगाएं
बैठक में उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहाँ सहित वन विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, माइनिंग कॉपोर्रेशन तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जबलपुर के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर मीना ने माइनिंग कापोर्रेशन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्वीकृत रेत खदानों की सीमा निर्धारण के लिए लगाए गए पिलर स्थायी रूप से स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि खनन सीमा दर्शाने वाले पिलर सीमेंट.कांक्रीट के हों और मौके पर स्थायी रूप से मौजूद रहें। जिन स्वीकृत खदानों में सीमा निर्धारण के पिलर नहीं लगे हैं, वहां तत्काल पिलर लगाने की कार्यवाही की जाए। साथ ही अगली टास्क फोर्स बैठक में पालन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
खनन की जांच करें
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खनिज उत्खनन के लिए दी गई पर्यावरणीय स्वीकृति एवं उसकी शर्तों के पालन की नियमित जांच करें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि खनिज पट्टाधारकों द्वारा निर्धारित क्षेत्र में पौधारोपण किया गया है या नहीं। इसके अलावा अंडरग्राउंड माइंस में हवा एवं जल स्तर से नीचे खनन की जांच कर शर्तों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने माइनिंग कापोर्रेशन एवं खनिज पट्टाधारकों को सीएसआर के अंतर्गत प्रतिवर्ष कार्य कराने के निर्देश दिए। सीएसआर कार्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण ग्रामीण विकास तथा दिव्यांगजनों की सहायता से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता देने को कहा गया।