नौकरानी के स्टेटस से पता चला एक साल पहले चोरी हुए गहने का राज - rashtrmat.com

नौकरानी के स्टेटस से पता चला एक साल पहले चोरी हुए गहने का राज

 राष्ट्रमत न्यूज,देहरादून(ब्यूरो)। दून आइटी पार्क में रहने वाली एक महिला के एक वर्ष पहले हीरे व सोने के लाखों रुपये के गहने चोरी हो गए। उन्होंने खुद गहनों की तलाश की और पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन गहनों का कहीं पता नहीं लग पाया।नौकरानी पर शक हुआ, लेकिन नौकरानी उनके साथ खुद पुलिस के पास शिकायत करने के लिए पहुंची तो उन्हें उस पर विश्वास हो गया। नौकरानी के वाट्सएप स्टेट्स व इंस्टाग्राम रील देखी तो उसमें उसने वहीं गहने पहने हुए हैं। शिकायत के आधार पर राजपुर थाना पुलिस ने नौकरानी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एक साल पहले हुई थी चोरी

पुलिस को दी तहरीर में नितिशा वत्स निवासी सिक्का किमाया ग्रीन दून आइटी पार्क ने बताया कि एक वर्ष पूर्व जब वह दून रिपब्लिक अपार्टमेंट भागीरथी पूरम जाखन में निवास कर रही थी तो उनके निवास से दो हीरा जड़ित अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक हीरा जड़ित पेंडेट चोरी हो गए। उन्हें नौकरानी विमला देवी पर संदेह हुआ।जब उससे इस संबंध में विमला देवी से पूछताछ की तो उसने गहने चोरी करने से साफ मना कर दिया और कहा कि इसकी पुलिस में शिकायत करेंगे। उस समय उन्होंने पूरा सहयोग दिखाया और खुद भी पुलिस के पास शिकायत करने के लिए गई।

  वह गहने पहने दिखाई दे रही है

शिकायतकर्ता ने बताया कि विमला देवी के व्यवहार को देखते हुए विश्वास हुआ कि कहने किसी और ने चुराए हैं। इसके बाद उन्होंने अपने घर में हर जगह गहनों की तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं लग पाया। 29 जून की सुबह उन्होंने विमला देवी के वाट्सएप स्टेट्स और इंस्टाग्राम रील देखी तो उसमें वह गहने पहने दिखाई दे रही है।