कंटगी जंगल में रेस्क्यू दल तलाश रहा है टाइगर - rashtrmat.com

कंटगी जंगल में रेस्क्यू दल तलाश रहा है टाइगर

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कटंगी परिक्षेत्र के जंगल में एक बार फिर बाघ ने बुजुर्ग चरवाहा खेमराज पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है। घटना ऐसे समय हुई जब क्षेत्र में बाघ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान को अंजाम दिया जा रहा है।


बाघ जंगली सुअर की ओर भागा
सिवनी जिले के कुरई अंतर्गत पिपरवानी निवासी 60 वर्षीय खेमराज पिता पांडुरंग नाने शुक्रवार शाम को मवेशियों को चराने जंगल की ओर गए थे। तभी बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना कटंगी वन परिक्षेत्र और सिवनी जिले के खवासा रेंज के बीच अंबेझरी गांव के पथरापेठ और कन्हड़गांव के रास्ते में पड़ने वाले नाले के पास हुई। बताया गया कि हमले के बाद बुजुर्ग के गिर जाने पर बाघ एक जंगली सुअर के पीछे दौड़ गया जिससे खेमराज बच गए।

हाथी दल बाघ की सर्चिग कर रहा
इस घटना के बाद से अंबेझरी और पथरापेठ गांव में बाघ की दहशत का माहौल बढ़ गया है। अब वन विभाग ने अंबेझरी में रेस्क्यू अभियान छेड़ दिया है। जिसे लेकर पेंच से रेस्क्यू टीम बुलाई गई है और हाथी दल के साथ सर्चिंग की जा रही है। इसके अलावा ड्रोन और कैमरों की मदद से भी बाघ के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। स्थिति को देखते हुए प्रभावित गांवों और इलाकों में सूचना जारी कर दी गई है कि खेत-जंगल की ओर ना जायें। ग्रामीणों का कहना है इलाके में एक नहीं दो बाघ घूम रहे हैं।


बाघ को पकड़ने रेस्क्यू अभियान
कटंगी क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंबेझरी के वन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बाघ के मूवमेंट की जानकारी मिलने के बाद से वन विभाग रेस्क्यू अभियान चला रहा है। क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक गौरव सिंह पारधी भी शनिवार को मौके पर पहुंचे। जहां विधायक पारधी ने वन विभाग के रेस्क्यू अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बाघ की स्थिति और ग्रामीण सुरक्षा की जानकारी ली और सभी टीमों को निर्देश दिए कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
एक से अधिक बाघ की आशंका
जंगल और खेत में मिले पगमार्क से वन विभाग को यह भरोसा हो गया है एक से अधिक बाघ हैं। वनकर्मी लगातार बाघ की मूवमेंट पर निगरानी बनाए हुए है। बाघ को गांव से दूर रखने के उपाय के साथ ही उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। लगातार हाथी दल जंगल में सर्चिंग करते रहा लेकिन बाघ के मूवमेंट का पता नहीं चल पा रहा है।