जनजातीय परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं-मंगुभाई - rashtrmat.com

जनजातीय परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं-मंगुभाई

राष्ट्रमत न्यूज,मऊगंज(ब्यूरो)। राज्यपाल  मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षा से ही जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता है। पढ़-लिख कर ही आगे बढ़ा जा सकता है। इसलिए शिक्षा के महत्व को समझते हुए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा मुहैया कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जनजातीय व गरीब वर्ग के लोगों को प्राथमिकता से दिलाने का कार्य किया जाना चाहिए ताकि वह देश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकरभागीदार बन सकें। राज्यपाल   मंगुभाई पटेल मऊगंज जिले के हनुमना जनपद अंतर्गत दूरस्थ जनजातीय धरती आबा ग्राम सलैया खास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

आदिवासियों के वरदान साबित होगी
राज्यपाल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना आदिवासियों के उत्थान के लिए वरदान साबित होगी। इस योजना के तहत 18विभागों द्वारा उनकी योजनाओं का लाभ जनजातीय परिवारों को मिलेगा। राज्यपाल जी ने आदिवासी युवाओं का आह्वान किया कि वह शिक्षित होकर अपने समाज के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य करें क्योंकि समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति के लिए इस योजना से लाभ लेकर बराबरी का दर्जा प्राप्त किया जा सकता है।

महिलाएं विकास की राह पकड़ चुकी हैं

उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूह के माध्यम से महिलाएं विकास की राह पकड़ चुकी हैं। उनमें आत्मविश्वास तो बढ़ा ही है साथ ही महिला सशक्तिकरण का भी उदाहरण प्रस्तुत हुआ है। श्री पटेल ने कहा कि यह उनका मऊगंज जिले का प्रथम प्रवास है। यहां जनजातीय समुदाय के बड़ी संख्या में लोग निवास कर रहे हैं। उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। श्री पटेल ने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी को साधुवाद दिया जिनके प्रयासों से देश में सिकल सेल उन्मूलन के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

पोषण किट का वितरण किया गया
सिकल सेल की जांच की जाकर तथा जनजातीय समाज में जागरूकता फैलाकर इसके उन्मूलन के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र योजना से टीवी पीड़ित मरीज को पोषण किट का वितरण किया गया है जिससे वह नियमित दवाई तथा पौष्टिक आहार लेकर टीवी रोग से मुक्ति पा सकेंगे। राजपाल जी ने कहा कि उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ समाज के गरीब वर्ग के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों से आह्वान किया कि जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में कृत संकल्पित रहे।

आदिवासियों को बचाने का कार्य किया जा रहा
इस अवसर पर सांसद   जनार्दन मिश्र ने कहा कि राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल देश के ऐसे प्रथम व्यक्ति हैं जिन्होंने सिकल सेल बीमारी की पहचान व उसकी जांच के लिए कार्य प्रारंभ किया। वह इसके उन्मूलन के लिए पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं। उनके मार्गदर्शन से इस अनुवांशिक बीमारी को 2047 तक जड़ से खत्म करने में मदद मिलेगी। श्री मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में करोड़ों आदिवासियों की जिंदगी को बचाने का कार्य देश में किया जा रहा है।