युवाओं से मिलने का समय नहीं,गद्दारों के लिए वक्त है PM के पास - rashtrmat.com

युवाओं से मिलने का समय नहीं,गद्दारों के लिए वक्त है PM के पास

राष्ट्रमत न्यूज,मुंबई(ब्यूरो)। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने अपनी पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए सांसदों से प्रधानमंत्री की मुलाकात को लेकर सवाल उठाए। ठाकरे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के पास प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मिलने का समय नहीं है, लेकिन ‘गद्दारों’ से मुलाकात के लिए वक्त है।

युवाओं से मिलने का समय नहीं

एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजग के घटक दलों के सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की थी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी के छह नवनिर्वाचित सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।ठाकरे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के पास प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मिलने का समय नहीं है, लेकिन ‘गद्दारों’ से मुलाकात के लिए वक्त है।

सुप्रीम कोर्ट को ‘डराना’ था
मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि क्या मोदी और शिवसेना (यूबीटी) छोड़ने वाले छह सांसदों के बीच हुई मुलाकात का मकसद सुप्रीम कोर्ट को ‘डराना’ था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में यह मुलाकात हुई है, जब ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी की उस याचिका पर सुनवाई चल रही है, जिसमें निर्वाचन आयोग के शिंदे गुट को ‘असली शिवसेना’ मानने के फैसले को चुनौती दी गई है।

ये तूफान से पहले की शांति’ 
ठाकरे ने देश की मौजूदा स्थिति को ‘तूफान से पहले की शांति’ बताया। उन्होंने कहा कि जेन जी के युवाओं के प्रदर्शनों ने सरकार को हिला दिया है। उन्होंने कहा, “दुनिया इस बात पर चर्चा कर रही है कि जेन जी ने सरकार को घुटनों पर ला दिया। इस पीढ़ी का समर्थन करने के बजाय कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।” उन्होंने संसद चलो मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए यह बात कही। ठाकरे ने कहा कि अब पूरी सरकार को बदलने का समय आ गया है।

छात्रों से बातचीत करनी चाहिए

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की गुरुवार को जेन जी के युवाओं से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए ठाकरे ने कहा कि युवा उनकी बातें सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड सरकार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत करनी चाहिए।