बाइक से परीक्षा देने जा रहे तीन छात्रों को बस ने मारी टक्कर,एक की मौत - rashtrmat.com

बाइक से परीक्षा देने जा रहे तीन छात्रों को बस ने मारी टक्कर,एक की मौत

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले में एक सड़क हादसे में परीक्षा देने आ रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। यह घटना शनिवार को चिखलाझोड़ी में हुई, जब एक यात्री बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।महेश मेरावी बिरसा के सालेकसा का निवासी था। वहीं, नितिन पटले और शिवम मेरावी बखारी कोना, बिरसा के रहने वाले हैं।

अस्पताल में इलाज चल रहा

मृतक छात्र का नाम महेश मेरावी (22) था। वह अपने दोस्त शिवम मेरावी (20) और नितिन पटले (18) के साथ बालाघाट के पीजी महाविद्यालय में बीए की परीक्षा देने आ रहा था। तीनों ही छात्र बीए और बीकॉम के थे।बताया जाता है कि यात्री बस तेज रफ्तार में थी और उसने महेश की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस से तीनों गंभीर रूप से घायल छात्रों को जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। शिवम मेरावी और नितिन पटले का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बस चालक मौके से फरार

शनिवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने डॉक्टरों की तहरीर पर मृतक महेश मेरावी के शव का पंचनामा किया। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। रूपझर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।