राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गत बुधवार को वीडियो कांन्फ्रेसिंग के माध्यम से कहा था कि कानून व्यवस्था और विकास के संदर्भ में कलेक्टर और एसपी बैठक करें और दौरा करें। एक सप्ताह भी नहीं बीता बीच शहर शिल्पा प्लाजा में गुंडई दिखाते हुए कुछ लफंगों ने पांच वाहनों के कांच तोड़ कर फरार हो गए। सभी बदमाश बाइक पर थे। अचानक हुई इस वारदात से दुकानदारों और राहगीर दहशतजदा हो गए।

शीशे तोड़कर फरार
वारदात के मौके पर खड़े लोगों का कहना है कि दो युवक बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में आए और रास्ते में खड़े वाहनों को निशाना बनाते चले गए। बदमाशों ने कुछ ही पलों में एक के बाद एक कारों सहित अन्य वाहनों के शीशे तोड़ दिए। लोग उन्हें रोकते या फिर मोबाइल से वीडियो बनाते सभी मौके से फरार हो गए।
मौके पर पुलिस पहुंची
घटना के बाद लोगों को समझ आया कि क्या हुआ। तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों का देखा और आसपास लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

सीसीटीवी एक मात्र सहारा
सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।वहीं घटना के बाद शिल्पी प्लाजा क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने कहा कि बीच शहर में यदि बदमाश इस तरह कर सकते हैं तो अंदर न जाने क्या क्या करते होंगे। पुलिस की गश्त पता नहीं कहां होती है।