राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। दिल्ली में हो रहे एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील का विरोध किया है। पुलिस ने एक्शन लेते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के दौरान अपने साथ कुछ पोस्टर भी लाए थे, उन पर लिखा था- PM IS COMPROMISED।

चार से पांच लोगों को हिरासत में
दिल्ली पुलिस के अनुसार, चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने भारत मंडपम में क्या किसी पास या फिर QR कोड के जरिए प्रवेश किया।इस समय एआई समिट भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है, जिसमें टेक जगत के बड़े दिग्गज, कई देशों के प्रधानमंत्री और दूसरे बुद्धिजीवी इस समिट का हिस्सा बने हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संबोधन के साथ इस समिट का औपचारिक आगाज किया था। अब शुक्रवार को उसी समिट में यह बवाल देखने को मिला है। यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने सिर्फ भारत मंडपम में एंट्री ली बल्कि विरोध प्रदर्शन भी किया।
भाजपा ने आरोप लगाया
वहीं भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने साजिश के तहत इंटरनेशनल समिट में भारत की छवि धूमिल की है। BJP सांसद संबित पात्रा ने कहा- यह संयोग नहीं, बल्कि एक प्रयोग था। इसकी प्लानिंग राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी, जहां सोनिया और प्रियंका मौजूद थीं।
प्रदर्शन को देश विरोधी करार दिया
मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बीजेपी ने इस कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन को देश विरोधी करार दिया है, इसे भारत की छवि को खराब करने वाला बताया है। बीजेपी नेता शहनाज पूनावाला ने कहा है कि कांग्रेस के लिए एआई का मतलब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नहीं बल्कि एंटी इंडिया है। उन्होंने शशि थरूर का जिक्र करते हुए भी कहा कि एक कांग्रेस नेता को समिट पसंद आया तो वहीं दूसरे उसी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

निवेश होने का अनुमान
जानकारी के लिए बता दें कि यह सम्मेलन में एआई के फ्यूचर, अवसर और वैश्विक चुनौतियों पर फोकस करता है। इस समिट में दुनियाभर के पॉलिसीमेकर्स, इंडस्ट्री लीडर्स, रिसर्चर और टेक इंजीनियर्स हिस्सा ले रहे हैं। जानकार मानते हैं कि इस समिट का भारत के लिए भी फायदा है, एआई की दुनिया में उसकी उपस्थिति और मजबूत होगी।एआई आज प्रमुख और तेजी से व्यापक होती जा रही तकनीक है। वर्ष 2029 तक ‘डेटा स्टोरेज, कंप्यूटेशनल क्षमता और ऊर्जा आवश्यकताओं समेत इसके लिए जरूरी बुनियादी ढांचे में लगभग तीन ट्रिलियन डालर का निवेश होने का अनुमान है।
AI समिट में प्रदर्शन पर नेताओं की प्रतिक्रिया
- तरुण चुघ, भाजपा नेता – ‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंटरनेशनल समिट में भारत की छवि धूमिल की है। ये साजिश के तहत की गई है। जो माफ नहीं की जा सकती है। देश की जनता इस तरह के हरकतों के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।’
- मनोज झा, RJD सांसद – ‘मेरा मानना है कि देश में आक्रोश है और यह आक्रोश कई मोर्चों पर है लेकिन मुझे लगता है कि इस तरह के समिट में विरोध प्रदर्शन करना ठीक नहीं था।’
- संबित पात्रा, भाजपा सांसद – ‘यह किसी युवा कांग्रेस नेता द्वारा सड़क पर अचानक किया गया प्रदर्शन नहीं था। इसकी योजना राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी, जहां राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा मौजूद थीं। यह संयोग नहीं, बल्कि एक प्रयोग है।’