नक्सलियों के ठिकानों से सोना, दो लाख रुपये और हथियार मिले - rashtrmat.com

नक्सलियों के ठिकानों से सोना, दो लाख रुपये और हथियार मिले

राष्ट्रमत न्यूज,दंतेवाड़ा(ब्यूरो)। दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए नकदी, सोना और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर यह कार्रवाई हुई है। समर्पित नक्सलियों ने स्वीकार किया कि वे खोखली विचारधारा से त्रस्त थे।

सामग्री जमीन के नीचे छिपा रखी थी

दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि हाल ही में मुख्यधारा में शामिल हुए नक्सलियों ने महत्वपूर्ण सूचनाएं दीं। इन सूचनाओं के आधार पर तोड़मा गांव के घने जंगलों में  नक्सलियों की निशानदेही पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में 116 ग्राम सोना, 2 लाख रुपए कैश समेत करीब 18 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी मिले हैं।  नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ये सामग्री जमीन के नीचे छिपा रखी थी।

बरामद सामग्री का विवरण

तलाशी में सुरक्षा बलों ने 116 ग्राम सोने का बिस्किट जिसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपए है और 2 लाख रुपए नगद बरामद किए। सर्चिंग के दौरान एक इंसास राइफल, 16 इंसास मैग्जीन, चार AK-47 मैग्जीन, 68 AK-47 राउंड, 23 SLR मैग्जीन और 34 SLR राउंड जब्त किए गए।इसके अलावा पांच 12 बोर बंदूकें, सात कारतूस, तीन BGL लॉन्चर, एक BGL सेल, दो कार्बाइन मैग्जीन, 303 राउंड और 303 चार्जर भी बरामद हुए। टीम को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली। इसमें 6 टिफिन बम, चार पाइप बम, 122 तीर बम, एक पैरा बम, दो देशी हैंड ग्रेनेड, दो देशी मोर्टार, डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, जिलेटिन और 14 कुकर शामिल हैं।