राष्ट्रमत न्यूज,लखनऊ(ब्यूरो)। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मंगलवार को कहा- पढ़ाई के दौरान लड़कियां प्रेग्नेंट हो जाती हैं। कइयों को बच्चा भी हो जाता है। उस बच्चे की जिम्मेदारी जानते हैं किस पर जाती है? सरकार पर जाती है। ऐसा पराक्रम आप लोग मत करिए। दूर रहिए इन पराक्रमों से।

राज्यपाल लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के तौर पर बोल रही थीं। उन्होंने कहा- मैं लव मैरिज के खिलाफ नहीं हूं, आप करिए लव मैरिज। आपको उनसे प्रेम है, उनको आपसे प्रेम है तो शादी करिए। लेकिन, शादी तभी करिए जब आत्मनिर्भर हो जाइए। मेरा बेटा बेंगलुरु पढ़ने गया। मैंने उससे कह दिया था कि अगर कोई लड़की पसंद आए तो बता देना, शादी करा देंगे। उसे कोई पसंद ही नहीं आई।राज्यपाल ने 62537 स्टूडेंट्स को डिग्री और 53 रिसर्चर को पीएचडी की उपाधि दी गई। कुलाधिपति ने सबकी डिग्री डिजिलॉकर पर अपलोड की।
अपना जीवन अच्छा बनाएंगे
राज्यपाल ने कहा- ऐसे कुछ बच्चों को AKTU और राजभवन के सहयोग से पढ़ाया जा रहा है। उनकी हर जरूरतें पूरी की जा रही हैं। 10-12 बच्चियां राजभवन में पढ़ रही हैं। उन्हें लेने और भेजने के लिए राजभवन से गाड़ी जाती है। पैदा होने में उनकी तो कोई गलती नहीं थी। किसी ने गलती कर दी तो उन्हें कोई जिंदगीभर मिले ही नहीं, देखे ही नहीं, उन्हें पाले ही नहीं? गलती हो गई। अब वो आगे बढ़े। शिक्षित बने। आत्मनिर्भर बनने के प्रयास करे। मैं AKTU के प्रोफेसरों को बधाई देती हूं कि आपने ऐसे बच्चों का हाथ पकड़ा। अब वो जरूर आगे आएंगे और अपना जीवन अच्छा बनाएंगे।
मेस की निगरानी करना जरूरी
मेस में देखते रहिए कि मसाला कौन-सा आता है? एक्सपायरी डेट वाला तो नहीं आता? नॉनवेज वाला तो नहीं आता? कंडीशन यहां तक कि छत पर एक-एक फुट के पौधे जम गए। मैंने अपने PSO से कहा कि इनको उखाड़ो।
टंकी में बंदर नहाते हैं
गर्ल्स हॉस्टल में भी कमी दिखी। अंदर कोई खिड़की नहीं। बुक्स रखने के लिए कोई जगह नहीं थी। जब खोला तो अंदर से चूहा निकला। तीसरी मंजिल में टंकी रहती है, जिस पर कोई ढक्कन नहीं है। बंदर उसमें नहाते हैं। एक क्लासरूम देखने गई तो ब्लैकबोर्ड की ऊंचाई देखी। उसे बच्चे नहीं पहुंच पाते हैं।