राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिले में नशे की बिक्री और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान प्रहार-2 के तहत बिछिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

बोरी में गांजा लेकर खड़े थे
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को बिछिया थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मणबाग रोड पर बिछिया नदी किनारे दो व्यक्ति सफेद रंग की बोरी में गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद
पुलिस ने मौके से जावेद अहमद (39 वर्ष), निवासी बिछिया और मोहम्मद अहमद (21 वर्ष), निवासी तकिया बिछिया, रीवा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों के खिलाफ बिछिया थाने में अपराध क्रमांक 429/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ख) में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान और पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी एवं नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के मार्गदर्शन तथा बिछिया थाना प्रभारी उप निरीक्षक अंकिता मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।कार्रवाई में उप निरीक्षक आर.एन. बागरी, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह, प्रधान आरक्षक जगदीश प्रसाद खैरवार, आरक्षक ओमप्रकाश नामदेव, आरक्षक दिलीप त्रिपाठी और आरक्षक श्रवण कुमार सिंह की सराहनीय भूमिका रही।