कार-बाइक चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार - rashtrmat.com

कार-बाइक चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र में 23-24 फरवरी की मध्यरात्रि हुई कार और मोटरसाइकिल चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर   आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मारुति ईको कार और टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल के साथ घटना में प्रयुक्त डिजायर कार एवं बजाज पल्सर भी जब्त की ।

अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू

पहली घटना ग्राम किरनापुर में किरनापुर-बालाघाट मुख्य मार्ग स्थित एक मकान के बाहर टीन शेड के नीचे खड़ी टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल चोरी होने की थी। वहीं दूसरी घटना ग्राम परसवाड़ा में एक मकान के बाहर खड़ी मारुति ईको कार चोरी होने से संबंधित थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी

गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग शामिल हैं, जिन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया। अन्य दो आरोपी ब्रजेश धुर्वे (28) और अक्षय उर्फ प्रिंस वर्मा (21) निवासी प्रेमनगर, कोतवाली थाना क्षेत्र के हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।थाना प्रभारी अनुराग सिंह भदौरिया ने बताया कि चारों आरोपियों ने पहले लांजी में एक पार्टी के दौरान चोरी की योजना बनाई थी, लेकिन वहां वारदात नहीं कर सके। लौटते समय उन्होंने किरनापुर क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी कर लिए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।प्रारंभिक जांच में आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *