ट्रैफिक व्यवस्था के लिए शिल्पी प्लाजा ओनर्स वेलफेयर की विशेष व्यवस्था - rashtrmat.com

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए शिल्पी प्लाजा ओनर्स वेलफेयर की विशेष व्यवस्था

 राष्ट्रमत न्यूज रीवा(ब्यूरो)। दीपावली एवं धनतेरस के पर्व पर शिल्पी प्लाजा में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों एवं आम नागरिकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए शिल्पी प्लाजा ओनर्स वेलफेयर सोसायटी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष पहल की है। सोसायटी का प्रतिनिधि मण्डल द्वारा जिला यातायात पुलिस प्रशासन से मिलकर त्योहार के दौरान अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था, सुगम आवागमन एवं यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
यातायात व्यवस्था में सहयोग
सोसायटी ने अपनी ओर से भी यातायात व्यवस्था में सहयोग के लिए शिल्पी प्लाजा के ए एवं बी ब्लॉक में तीन-तीन अतिरिक्त कर्मचारियों (कुल छह कर्मचारी) की तैनाती की है। ये कर्मचारी पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग एवं आवागमन को सुचारु बनाने में सहयोग करेंगे। सोसायटी ने यातायात पुलिस प्रशासन से प्रमुख रूप से निम्न व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया हैः-
बी ब्लॉक के पीछे पार्किंग व्यवस्थाः शिल्पी प्लाजा बी ब्लॉक के पीछे स्थित ताला हाउस रोड पर ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाए।
मानस भवन के बगल में अस्थायी पार्किंगः धनतेरस से दीपावली तक मानस भवन के बगल में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए, जिससे त्योहार के दौरान आने वाले ग्राहकों को सुविधा मिल सके।
ड्रॉप एंड गो सुविधा: शिल्पी प्लाजा के सामने एवं आसपास वाहनों के सुचारु आवागमन के लिए ड्रॉप एंड गो व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्राहकों को बिना यातायात बाधित किए उतरने एवं चढ़ने की सुविधा मिल सके।
पुलिस प्रशासन का सहयोगः त्योहार के दौरान भीड़ एवं यातायात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।सोसायटी का उद्देश्य त्योहार के अवसर पर ग्राहकों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा यातायात जाम की स्थिति से बचना है। सोसायटी ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपने वाहन पार्क करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
प्रतिनिधि मण्डल में प्रमुख रुप से अवनीश खंडेलवाल जयप्रकाश खेमचंदानी, सुमित डिगवानी ,गौरव मिश्रा, रमेश कुमार सोनी, मनोज बजाज, योगेश अग्रवाल, रंजन वाधवानी ईशान खेमचंदानी रोशन कोटवानी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *