MPके 20 जिले में कोहरे का अलर्ट,रेल और फ्लाइट लेट - rashtrmat.com

MPके 20 जिले में कोहरे का अलर्ट,रेल और फ्लाइट लेट

राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल (ब्यूरो)। मध्यप्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में घना कोहरा जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। ग्वालियर-चंबल अंचल से लेकर रीवा, सागर और जबलपुर-शहडोल संभाग तक करीब 20 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार (20 दिसंबर) के लिए भी चेतावनी जारी की है। लगातार तीसरे दिन ऐसा मौसम बने रहने से रेल और हवाई यातायात दोनों प्रभावित हुए हैं।

कोहरे से रेल और फ्लाइट लेट

घने कोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। शताब्दी एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, कोल्हापुर-मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस और पंजाब मेल जैसी प्रमुख ट्रेनें 30 मिनट से लेकर 8 घंटे तक लेट चल रही हैं। पिछले तीन दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। वहीं इंदौर और भोपाल से दिल्ली, मुंबई, गोवा और बेंगलुरु जाने वाली उड़ानों के संचालन में भी देरी और शेड्यूल में बदलाव देखा जा रहा है।

20 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी

शनिवार को मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जबलपुर, दमोह, कटनी, मैहर और उमरिया-शहडोल में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन सभी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला और अनुमान है कि सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रह सकता है।

 पारा लुढ़का, शिवपुरी सबसे ठंडा

गुरुवार-शुक्रवार (18-19 दिसंबर) की रात प्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ लिया। बड़े शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, इंदौर का 4.1 डिग्री, ग्वालियर का 11.4 डिग्री, उज्जैन का 7.2 डिग्री और जबलपुर का 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे ठंडा शिवपुरी रहा, जहां तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया। शाजापुर में 4.1 डिग्री, राजगढ़ में 5 डिग्री, मंदसौर में 5.4 डिग्री, पचमढ़ी में 5.6 डिग्री और मलाजखंड में 6.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *