बेहतर चिकित्सा के साथ साफ सफाई पर ध्यान दें-डिप्टी CM - rashtrmat.com

बेहतर चिकित्सा के साथ साफ सफाई पर ध्यान दें-डिप्टी CM

 राष्ट्रमत न्यूज रीवा(ब्यूरो)। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सेमरिया सामुदायिक केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में प्रतिदिवस होने वाली ओपीडी की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 250 ओपीडी होती है।

मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं

उप मुख्यमंत्री ने ओपीडी के साथ ही आईडी बनवाकर टेलीमेडिसिन चिकित्सा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से जिला चिकित्सालय व संजय गांधी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से मरीजों के संबंध में स्थानीय चिकित्सक उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय में की जाने वाली जांचों के विषय में जानकारी लेते हुए कहा कि अस्पताल में होने वाली जाँच यहाँ कराएं तथा अन्य जाँच के लिए जिला चिकित्सालय भेजें। निजी जाँच केन्द्रों में किसी भी मरीज की जाँच न कराई जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ाने तथा गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर की जाने वाली जाँच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन अस्पताल भवन का  निरीक्षण 

उप मुख्यमंत्री ने सेमरिया में निर्माणाधीन अस्पताल भवन का निरीक्षण किया तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन भवन के बन जाने से चिकित्सकीय स्टाफ में वृद्धि होगी तथा चिकित्सा सुविधाएं भी और बेहतर मिलेंगी। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, एसडीएम दृष्टि जायसवाल सहित चिकित्सक व स्थानीयजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *